(नई दिल्ली) 04सितंबर,2026
केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, डॉ. जितेंद्र सिंह ने 20 से 27 अगस्त 2026 तक ट्यूरिन, इटली में आयोजित 19वें अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी विज्ञान ओलंपियाड (IESO-2026) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारतीय छात्र दल – रिद्धि रंजन, मो. एहतेशाम रिज़वी, एरोन मैती और सौमिक मंडल को सम्मानित किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने छात्रों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके समर्पण, वैज्ञानिक जिज्ञासा और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। यह उपलब्धि पृथ्वी विज्ञान में भारत के युवा मस्तिष्कों की बढ़ती रुचि और क्षमताओं को दर्शाती है और प्रारंभिक स्तर से ही वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारने के महत्व पर प्रकाश डालती है।
उल्लेखनीय है कि 39 देशों की टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए, भारत ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और लिखित एवं प्रायोगिक, अंतरराष्ट्रीय टीम फील्ड इन्वेस्टिगेशन तथा अर्थ साइंस प्रोजेक्ट प्रतियोगिताओं में कुल 9 पदक – 4 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक – हासिल किए।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ऐसी पहलों का समर्थन करना जारी रखेगा जो युवा छात्रों को पृथ्वी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने और हमारे ग्रह की जटिल प्रणालियों की गहरी समझ विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।(साभार विभागीय मंत्रालय)
