(पटना, बिहार) 05सितंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने बिहार में बाढ़ की वर्तमान स्थिति का हवाई सर्वेक्षण कर गंगा एवं इसकी सहायक नदियों के जलस्तर, दियारा एवं निचले इलाकों की स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
इसके पश्चात लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर बाढ़ की स्थिति, तटबंधों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत एवं आवश्यक सुविधाएं हर हाल में ससमय पहुंचाई जाएं। सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों में रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखें तथा प्रभावित लोगों की सूची तैयार कर तत्काल राहत उपलब्ध कराएं।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ राहत शिविरों एवं सामुदायिक रसोई केंद्रों के माध्यम से भोजन एवं राहत सामग्री की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील एवं निचले क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
साथ ही, जल संसाधन विभाग को बक्सर से भागलपुर तक तटबंधों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। (साभार सू वि )
