(नैनीताल)30सितंबर,2026
देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम के निमित्त बुधवार को बी.एल.एम. एकेडमी, गौरापड़ाव में नैनीताल जिले की जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बताया कि उनके दिशा-निर्देशन में 25, 26 एवं 28 सितम्बर को नैनीताल जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में व्यापक स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिले के लगभग 95 प्रतिशत विद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कर विद्यालय स्तर पर बच्चों का चयन किया गया। इनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 बच्चों का जिला स्तरीय कार्यशाला के लिए चयन किया गया।जिला स्तरीय कार्यशाला में चयनित बच्चों ने भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
श्री रजवार ने 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, उपाध्यक्ष मीडिया सलाहकार ध्रुव रौतेला, देवेन्द्र ढैला, पेयजल अनुश्रवण समिति के दिनेश आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज साह, नैनीताल जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रविन्द्र रैकूनी, को-ऑपरेटिव डायरेक्टर निश्चल पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता आनन्द सिंह धर्मवाल, बी.एल.एम. एकेडमी के संस्थापक-प्रबंधक एवं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, महिला मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता कल्पना बोरा, जिला शिक्षा अधिकारी, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, भाजपा जिला पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी सहित लगभग 800 बच्चे एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उनके सपनों को मंच प्रदान करते हुए “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।(साभार सू वि)
