परकोटे से हटेंगे 7 हजार ई-रिक्शा

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान)16अक्टूबर,2026

चारदीवारी में ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या और अव्यवस्थित संचालन के कारण लगने वाले जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस नई व्यवस्था लागू करने जा रही है। इसके तहत परकोटे से करीब 7 हजार ई-रिक्शा हटाए जाएंगे और निर्धारित पट्टी वाले केवल 250 ई-रिक्शा ही चल सकेंगे। 19 अक्टूबर से बिना QR कोड के चलने वाले ई-रिक्शा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस पूरे जयपुर शहर को सात जोन में बांटकर ई-रिक्शा का जोनवार संचालन व्यवस्थित करने की तैयारी कर रही है। इस व्यवस्था का उद्देश्य चारदीवारी में ट्रैफिक जाम की समस्या कम करना और सड़कों पर ई-रिक्शा की आवाजाही को नियंत्रित करना है।

रंग की पट्टी और QR कोड से होगी पहचान

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक ई-रिक्शा पर निर्धारित रंग की पट्टी और QR कोड लगाया जाएगा। QR कोड स्कैन करने पर वाहन और उसके चालक से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी। इससे यातायात पुलिस को ई-रिक्शा की पहचान करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

19 अक्टूबर से शुरू होगी सख्ती

यातायात पुलिस 19 अक्टूबर से बिना QR कोड के चलने वाले ई-रिक्शा पर कार्रवाई करेगी। परकोटे में निर्धारित संख्या और नियमों के अनुसार ही ई-रिक्शा संचालन की व्यवस्था लागू की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इससे ई-रिक्शा की बेतरतीब आवाजाही पर अंकुश लगेगा और चारदीवारी के व्यस्त बाजारों व सड़कों पर यातायात सुचारु करने में मदद मिलेगी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *