राजस्थान में बारिश-ओलों से 5 डिग्री तक गिरा तापमान

Uttar Pradesh

(जयपुर,राजस्थान)16अक्टूबर,2026

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार अल सुबह राजधानी जयपुर में भी करीब 20 मिनट तक बारिश हुई, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 7 जिलों में बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है।

गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। श्रीगंगानगर जिले के गजसिंहपुर में सबसे ज्यादा 55 एमएम बारिश दर्ज की गई। सूरतगढ़ क्षेत्र में ओले गिरने से खेतों में खड़ी और कटी फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

इन जिलों में हुई बारिश:

पिछले 24 घंटे के दौरान उदयपुर, सीकर, जयपुर, टोंक, अलवर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, हनुमानगढ़, चूरू और श्रीगंगानगर के कई इलाकों में बारिश हुई। श्रीगंगानगर के गजसिंहपुर में दो इंच से ज्यादा पानी बरसा, जबकि सूरतगढ़ में ओलावृष्टि हुई। बारिश और ओलों से कुछ इलाकों में फसलों को नुकसान की खबर है।

भरतपुर जिले के जुरहरा में 45 एमएम, कामां में 26, पहाड़ी में 28 और कुम्हेर में 22 एमएम बारिश दर्ज की गई। सीकर के पाटन में 10 एमएम और अलवर के पास तिजारा में 5 एमएम बारिश हुई। सीकर और अलवर में दोपहर बाद ठंडी हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई।

हनुमानगढ़ में सबसे ठंडा दिन, बाड़मेर में गर्मी बरकरार:

बारिश और ओलावृष्टि का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। हनुमानगढ़ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वहां का सबसे ठंडा दिन रहा। दूसरी ओर, बाड़मेर में गर्मी का असर बना रहा और अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जयपुर में सुबह बदला मौसम:

राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे मौसम अचानक बदला और लगभग 20 मिनट तक बारिश हुई। इससे पहले गुरुवार शाम को भी जयपुर शहर और आसपास के इलाकों में बरसात हुई थी। जयपुर एयरपोर्ट पर 0.5 एमएम और चाकसू में 6 एमएम बारिश दर्ज की गई। शाम को चली तेज ठंडी हवाओं से मौसम में ठंडक बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *