वृंदावन के रंगजी उपकेंद्र को मिली डबल लाइन

Uttar Pradesh

(मथुरा,UP)19अक्टूबर,2026.

वृंदावन में रंगजी मंदिर उपकेंद्र से पोषित मुहल्लों में बेहतर बिजली आपूर्ति दिलाए जाने के लिए नई लाइन तैयार की जा रही है। इसे टावरयुक्त बनाया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद एक लाइन में खराबी आने पर दूसरी लाइन से बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकेगी। वहीं बंदरों के आतंक से उपकेंद्र पर लगी मशीनों व उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए जाल लगाए जाने की भी तैयारी चल रही है।

पागल बाबा बिजलीघर से डाली जा रही नई लाइन
शहरी क्षेत्र में वृंदावन का रंगजी मंदिर उपकेंद्र ही एकमात्र ऐसा है, जिसके लिए दोहरी बिजली लाइन नहीं है। वहीं इस उपकेंद्र पर लगी मशीनें एवं उपकरण बंदरों के उत्पात के कारण आए दिन खराब होते रहते हैं। इसके कारण यहां से पोषित कालोनियों के हजारों लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ता है। यहां के लोगों को निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए बिजली निगम द्वारा बिजनेस प्लान के तहत डबल सोर्स का प्रस्ताव तैयार किया था।

हजारों उपभोक्ता होंगे लाभान्वित
पहले यहां खंभों की लाइन तैयार कराई जानी थी। लेकिन, यमुना खादर की मिट्टी रेतीली होने के कारण खंभे खड़े नहीं हो पा रहे थे। इसके बाद इंजीनियरों ने टावरयुक्त लाइन तैयार करने का निर्णय लिया।

उपकेंद्र में लगे उपकरणों को बंदरों से सुरक्षित रखने के लिए अब लगाया जाएगा जाल
मथुरा जोन के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया, अब पागल बाबा बिजलीघर से रंगजी मंदिर उपकेंद्र के लिए टावरयुक्त लाइन डालने का कार्य कराया जा रहा है। करीब एक दर्जन टावर खड़े किए जा चुके हैं। इसके बाद तार लगाने का काम कराया जाएगा। काम पूरा होने के बाद इस उपकेंद्र के लिए भी दोहरी लाइन हो जाएगी। इसके बाद लाइन में खराबी आने पर दूसरी लाइन से आपूर्ति बहाल की जा सकेगी।

वहीं बंदरों की उछलकूद से आए दिन उपकेंद्र पर लगे उपकरण खराब होने से आए दिन आपूर्ति प्रभावित होती है। इसके लिए यहां जाल लगाने का भी काम चलेगा।

राधापुरम एस्टेट उपकेंद्र की बढ़ेगी क्षमता, निर्बाध मिलेगी बिजली
मथुरा शहर के राधापुरम एस्टेट उपकेंद्र से हाईवे किनारे प्रमुख कालोनियों में बिजली की आपूर्ति होती है। लेकिन, अधिक भार होने के कारण इससे पोषित क्षेत्र के उपभोक्ता फाल्ट, लाइन ब्रेक होने एवं ट्रिपिंग से परेशान हैं। यहां के उपभोक्ताओं की समस्या के समाधान के लिए निगम द्वारा क्षमता वृद्धि का कार्य कराया जाएगा।

शहरी अधीक्षण अभियंता मुदित तिवारी ने बताया, निर्बाध बिजली आपूर्ति दिए जाने के लिए इस उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि प्रस्तावित है। बीते दिनों आठ के स्थान पर 10 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफारमर लगाया जाना था। लेकिन, वर्षा व त्योहार को देखते हुए फिलहाल स्थगित कर दिया गया था। अब नवदुर्गा के बाद ये काम कराया जाएगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *