(देहरादून)05नवंबर ,2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश भर के लगभग आठ लाख स्कूली बच्चों से वर्चुअली जुड़े। मुख्यमंत्री आवास से आयोजित इस संवाद में उन्होंने बच्चों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
बच्चों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के हाल-चाल और दीपावली की तैयारियों के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि हमारे त्योहार केवल उत्सव नहीं, बल्कि परिवार और समाज को एकता के सूत्र में बांधने और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का जरिया हैं। उन्होंने सभी बच्चों से आह्वान किया कि वे घर की सफाई में माता-पिता का हाथ बंटाएं और स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाएं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को दीपावली पर मिट्टी के दीये जलाने और स्थानीय कुम्हारों व कारीगरों द्वारा बनाए गए सामानों की खरीदारी करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से स्थानीय लोगों की आजीविका सशक्त होगी। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को पटाखों से दूरी बनाए रखने और दीये-फुलझड़ियां जलाते समय बड़ों की निगरानी में रहने की नसीहत भी दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को आगामी अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद व अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रहना चाहिए। लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति आवश्यक है।
सीएम धामी ने जानकारी दी कि आने वाले समय में इस कार्यक्रम को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक से और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि बच्चों तक प्रेरणादायक और उपयोगी जानकारी आसानी से पहुंच सके। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पूर्व ढाई लाख से ज्यादा छात्रों ने निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विकसित उत्तराखंड को लेकर अपने विचार साझा किए थे। बच्चों के इन सुझावों को सरकार की भावी योजनाओं और नीतियों में शामिल किया जाएगा। बच्चों की प्रतिभा और सोच ही विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को पूरा करेगी। (साभार सू वि)
