(देहरादून )17नवंबर,2026.
लखनऊ के पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखण्ड महापरिषद द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव 2026 में आज मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों से आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से हमेशा जुड़े रहें।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और उसकी विशिष्ट जीवनशैली में निहित है। भौगोलिक दृष्टि से हम चाहे कहीं भी रह रहे हों, लेकिन अपनी मातृभूमि, अपनी बोली-भाषा और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव को सदैव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़कर रहना हमारी आने वाली पीढ़ियों को अपनी पहचान और अपनी विरासत से परिचित कराने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य के तहत पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन सम्मेलनों के जरिए देश-विदेश में निवास कर रहे उत्तराखण्ड के प्रवासियों को एक मंच पर लाकर उनके अनुभवों, ज्ञान, कौशल, निवेश और उनकी सामर्थ्य का लाभ उत्तराखण्ड के विकास के लिए लेने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। वे जहां कहीं भी रहते हैं, अपनी मेहनत, अपनी प्रतिभा और अपनी कार्यकुशलता से उत्तराखण्ड का नाम रोशन करते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में योगदान देने का भी आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के आपसी संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश हमारा सहोदर भाई है। दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध ही नहीं हैं, बल्कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी बहुत गहरा है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक विकास, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में हो रहे प्रयास सराहनीय हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाला एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया है, जिससे इसका लाभ उत्तराखण्ड को भी प्राप्त हो सके और दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिल सके। उन्होंने उत्तर प्रदेश में निवेश के बढ़ते अवसरों और खासतौर पर पर्यटन क्षेत्र में लगभग 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य की आर्थिक संभावनाओं और निवेश के अनुकूल वातावरण को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, औद्योगिक कॉरिडोर, एयरपोर्ट, निवेश अनुकूल नीतियों और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड मिलकर पर्यटन, धार्मिक यात्रा, व्यापार, उद्योग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में नई संभावनाओं को साकार कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य में विकास की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। केदारनाथ धाम में भव्य पुनर्निर्माण कार्य और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आध्यात्मिक वातावरण और आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में चल रही इन परियोजनाओं से उत्तराखण्ड की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली और उत्तराखण्ड के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा। इससे पर्यटन, व्यापार, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही राज्य में सड़क, रेल, हवाई और रोपवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार और विभिन्न रोपवे परियोजनाएं उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व संभावनाएं हैं। इस साल चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। हेमकुंड साहिब में भी लगभग 3.90 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। आदि कैलाश यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने हिस्सा लिया है। राज्य सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के साथ ही यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ ही शीतकालीन यात्रा को भी नई पहचान दी जा रही है। शीतकाल में भी श्रद्धालुओं को उत्तराखण्ड के अलग-अलग धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे साल भर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं, होमस्टे संचालकों, होटल व्यवसायियों, परिवहन कारोबारियों और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़ते हुए आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की दिशा में भी काम कर रही है। कैंची धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए वहां सुविधाओं और व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही पर्यटन नीति के जरिए इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि पर्यटन का फायदा केवल बड़े शहरों और प्रसिद्ध स्थलों तक ही सीमित न रहे, बल्कि राज्य के दूरस्थ पर्वतीय गांवों तक भी पहुंचे।
इस मौके पर उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी मौजूद रहे।(साभार सू वि)
