प्रमुख सचिव वन ने लिया कैम्पा कार्यों और वन बजट का जायजा

Uttarakhand

(देहरादून )17नवंबर,2026

उत्तराखंड शासन के प्रमुख सचिव, वन श्री आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में आज सचिवालय में कैम्पा के अंतर्गत संचालित कार्यों एवं वन विभाग के बजट की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान प्रमुख सचिव ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में फायर लाइन से संबंधित अद्यतन वर्क प्लान शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने वनाग्नि की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए कैम्पा के अंतर्गत प्रावधानित धनराशि की जानकारी प्राप्त की और वनाग्नि से निपटने के लिए की जा रही पूर्व तैयारियों का मदवार विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

प्रमुख सचिव ने Maintenance of Plantation and Nursery के अंतर्गत किसी भी दो वन प्रभागों के चयनित कार्यों का मेंटेनेंस कंपोनेंट सहित विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर के निर्माण के संबंध में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यक अनुमति प्राप्त होते ही कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए।

सर्किलवार वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि जिन सर्किलों की वित्तीय प्रगति कम है, उनकी अलग से रिपोर्ट तैयार कर स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होंने कैम्पा के अंतर्गत लंबित कार्यों एवं बैकलॉग की जानकारी ली और पिछले तीन वर्षों में प्राप्त धनराशि का वर्षवार विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि प्राप्त धनराशि एवं कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना तैयार की जा सके।

प्रमुख सचिव ने वन विकास निगम की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय प्रबंधन एवं अब तक व्यय की गई धनराशि की जानकारी ली। उन्होंने निगम की आय में वृद्धि के उद्देश्य से तराई क्षेत्र के डिवीजनों के वर्क प्लान की स्थिति का समेकित विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राज्य पोषित पूंजीगत योजना के अंतर्गत वनीकरण एवं संरक्षण मद की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत धनराशि के उपयोग हेतु दो परियोजना प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन्यजीव प्रबंधन के अंतर्गत गोहरी रेंज में चौरासी कुटिया के पुनरोद्धार कार्य की समीक्षा के लिए आगामी सप्ताह में अलग से बैठक आयोजित करने को कहा। वहीं, राज्य पोषित योजना के अंतर्गत पौड़ी जनपद के यमकेश्वर क्षेत्र में कोड़िया-किमसार-गंगा भोगपुर मोटर मार्ग से संबंधित वन मार्ग कार्यों के लिए अवशेष किस्त की धनराशि हेतु शीघ्र डिमांड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव ने वनों की सुरक्षा एवं प्रबंधन तथा वनीकरण एवं संरक्षण से संबंधित कार्यों को एकीकृत करते हुए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने इको-टूरिज्म के अंतर्गत अवस्थापना विकास से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा आगामी 10 दिनों के भीतर इसकी टेंटेटिव रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि लोकार्ट से बिनसर महादेव वन क्षेत्र तक ट्रेक रूट, ट्रेल ओपनिंग, कैंपिंग स्थल एवं पक्षी आधारित पर्यटन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इस पर प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के अंतर्गत दी जाने वाली राहत राशि में वृद्धि के संबंध में भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में बढ़ाई गई आपदा राहत राशि के प्रावधानों का परीक्षण करते हुए राज्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामलों में राहत राशि बढ़ाने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई एवं विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित उत्तराखण्ड आपदा तैयारी एवं लचीलापन परियोजना (U-PREPARE) के संबंध में नोडल अधिकारी नामित कर दो दिन के भीतर संबंधित कार्यवाही को अंतिम रूप देने को कहा। उन्होंने चीड़ पिरूल के संग्रहण के संबंध में विभाग को इस सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पर्वतारोहण एवं ट्रेकिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में बैठक आयोजित करने तथा प्रत्येक जनपद में खनन कार्यों के लिए वन डिस्ट्रिक्ट-वन आरओ का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में PCCF (HoFF) श्री कपिल लाल, सीईओ कैम्पा श्री बी.के. गांगटे, एमडी वन निगम श्रीमती नीना ग्रेवाल, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, एपीसीसीएफ नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधक श्री सुरेंद्र मेहरा सहित वन विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार सू वि)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *