तीन दशक बाद मार्च में तपी राजधानी लखनऊ,बने लू जैसे हालात

Uttar Pradesh

(लखनऊ UP) 17मार्च,2025.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मार्च में हो रही अप्रैल जैसी चिलचिलाती गर्मी से लोग बेहाल हैं। तीन दशक बाद मार्च के पहले पखवाड़े में ऐसी तपिश भरी गर्मी हो रही है। साल 1991 के बाद लखनऊ में तापमान मापन के इतिहास में पहली बार बीते शनिवार को अधिकतम पारा 36.9 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े तक पहुंच गया। यह सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक मार्च के दूसरे पखवाड़े में लू (हीट वेव) जैसे हालात पैदा होने की बातें अभी से लोगों को चिंता में डाल रहा है।

वहीं रविवार को देर सुबह से ही गर्म हवाओं का प्रकोप शुरू हो गया। सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा और तीखी धूप में लोग अनावश्यक बाहर निकलने से कतराते दिखे। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि सोमवार व मंगलवार को तात्कालिक तौर पर पारे में हल्की गिरावट के संकेत हैं। इसके बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने वाली है।

पारे में मामूली गिरावट:
रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट के साथ 36.9 डिग्री सेल्सियस तो वहीं रात का पारा 1.8 डिग्री की उछाल के साथ 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

बेहतर हुई राजधानी की हवा:
रविवार को लखनऊ के छह वायु गुणवत्ता मापक स्टेशनों में से गोमतीनगर, बीबीएयू और कुकरैल की हवा हरे श्रेणी यानी स्वास्थ्य के लिए अच्छे श्रेणी में दर्ज की गई। वहीं अलीगंज, तालकटोरा और लालबाग की हवा पीली यानी मध्यम श्रेणी में रही।

कुकरैल – 88 – हरा- अच्छा
गोमतीनगर- 65 – पीला- मध्यम
बीबीएयू- 86 – पीला- मध्यम
अलीगंज- 167 – पीला- मध्यम
तालकटोरा – 109 – पीला- मध्यम
लालबाग- 184 – पीला- मध्यम

हवाओं से बदला माहौल:

मार्च के पहले पखवाड़े में अप्रत्याशित गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। दूसरे पखवाड़े के पहले दिन रविवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हुई बूंदाबांदी और बादलों की मौजूदगी से अगले दो दिन तक पारे में हल्की गिरावट आने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 20 मार्च तक मौसम शुष्क रहने वाला है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी से चली पूर्वा हवा फिर से मौसम में बदलाव लाएगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 21 व 22 मार्च को नमी युक्त पुरवाई के असर से उत्तर प्रदेश के दक्षिण पूर्वी इलाकों सोनभद्र, मिर्जापुर, बलिया व वाराणसी आदि में बूंदाबांदी की संभावना बन रही है। 24 मार्च से फिर से तापमान बढ़ना शुरू होगा। मार्च के आखिर में प्रदेश में लू जैसी परिस्थितियां बनने का पूर्वानुमान है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *