( लखनऊ,UP )31जुलाई,2025.
उत्तर प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिल गया है। 1989 बैच के आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल उर्फ एसपी गोयल यूपी के नए मुख्य सचिव होंगे। पदभार संभालने के बाद एसपी गोयल मीडिया के सामने आए। उनके साथ पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह मौजूद रहे।
मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बीता एक वर्ष उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा। इस दौरान उन्हें सीएम योगी के द्वारा लगातार गाइडेंस मिला। उनके जिम्मे बड़े-बड़े काम आए। अब आगे की यह जिम्मेदारी नए मुख्य सचिव के कंधे पर है।
पत्रकारों से बात करने हुए एसपी गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन पर आभार जताया है। सीएम योगी के निर्देश पर वह विकास कार्यो को आगे ले जाएंगे। उनके पूर्ववर्ती मुख्य सचिव ने जो काम किया है वह इसे आगे ले जाएंगे।
मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव रह चुके हैं एसपी गोयल:
केंद्र सरकार द्वारा अभी तक जितने भी मुख्य सचिवों को सेवा विस्तार दिया गया था, उसका पत्र अंतिम दिन ही आया था। इसलिए ब्यूरोक्रेसी को गुरुवार की शाम तक का बेसब्री से इंतजार था। सभी की निगाहें केंद्र की ओर लगी रहीं। मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार न मिलने पर शाम को मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव रहे एसपी गोयल को नया मुख्य सचिव बना दिया गया।
8 वर्ष से सीएम के साथ:
एसपी गोयल बीते करीब 8 वर्ष से सीएम योगी के कार्यालय में तैनात हैं। प्रदेश में वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद उन्हें प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया था। तत्पश्चात अपर मुख्य सचिव के पद पर प्रोन्नत होने के बाद भी वह मुख्यमंत्री कार्यालय में बरकरार रहे। मनोज कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद वह प्रदेश के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बन चुके हैं। मूल रूप से लखनऊ निवासी एसपी गोयल का जन्म 20 जनवरी 1967 को हुआ था। बीएससी (ऑनर्स) और एमसीए की पढ़ाई के बाद 1989 में उनका चयन आईएएस सेवा में हुआ था। उनकी पहली तैनाती इटावा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में हुई थी। तत्पश्चात, बहराइच और अलीगढ़ के सीडीओ बने थे। वह देवरिया, मथुरा, इटावा, प्रयागराज, अलीगढ़ के डीएम भी रह चुके हैं। वहीं नियोजन, सिंचाई, कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वह अक्तूबर 2014 से मई 2017 तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर मानव संसाधन विभाग में ज्वाइंट सेक्रेटी थे।(साभार एजेंसी)