( अयोध्या ,UP )18अगस्त,2025.
भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या अब खेलों की नई पहचान बनाने जा रही है। डॉ. भीमराव राष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में क्रिकेट स्टेडियम बनकर तैयार हो चुका है। लगभग 48.54 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्टेडियम में पवेलियन से लेकर फुट ओवरब्रिज तक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
स्टेडियम में दर्शकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां करीब 15 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों के लिए पांच पिच, दो टीमों के लिए अलग-अलग पवेलियन और वीआईपी दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था बनाई गई है। इसके अलावा लगभग 10 बड़े कमरे भी तैयार किए गए हैं, जिनका प्रयोग आवश्यकता अनुसार किया जाएगा। वहीं, फुट ओवरब्रिज व पवेलियन स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया गया है ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
परियोजना प्रबंधक देवराज पवार ने बताया कि स्टेडियम का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और इसे हैंडओवर करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि अयोध्या में बने इस क्रिकेट स्टेडियम से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त करेंगे। अयोध्या का नाम भी खेल के क्षेत्र में आगे होगा क्योंकि यहां पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
क्रिकेट विशेषज्ञों की टीम करेंगी निरीक्षण:
स्टेडियम का शत-प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अब क्रिकेट विशेषज्ञों की टीम क्रिकेट मैदान का निरीक्षण करेगी। जांच के आधार पर यह निर्णय लिया जाएगा कि किस स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट यहां आयोजित किए जा सकेंगे।(साभार एजेंसी)
