(प्रतापगढ़ )29अगस्त,2025.
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में कहा कि मेजर ध्यानचंद के नाम पर मेरठ में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है, जिसका पहला सत्र आज से ही शुरू हो रहा है। इसी तरह प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा। योगी ने पीएम के खिलाफ राहुल की अभद्र टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता मोदी के बारे में अभद्र टिप्पणी करना सूरज के ऊपर थूंकने के जैसा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा, कांग्रेस और बसपा के शासनकाल में गुंडागर्मी और माफियाराज चरम पर था। सपा सरकार में हर जनपद में एक माफिया को पाला गया था। विकास के धन की बंदरबांट हो रही थी। लूट घसोट चरम पर था। गरीबों के लिए आने वाले पैसे पर डाका डाला जाता था। सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना सूरज पर थूंकने जैसा है। यह पीएम का नहीं देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है। जनता इसका जवाब कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को देगी। सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को प्रतापगढ़ में साढ़े पांच अरब की परियोजनाओं का लोकापर्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इंडिया भारत विरोधी गठबंधन
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और कांग्रेस का एनडी गठबंधन भारत विरोधी गठबंधन है। यह देश की आन बान शान के साथ खिलवाड़ करने वाला गठबंधन है। 140 करोड़ जनता के प्रति नहीं भारत के सांविधानिक संस्थाओं को अपमान करने वाला गठबंधन है। सत्ता में आने पर देश और प्रदेश में अराजकता पैदा करने वाले कांग्रेस और सपा के लोग आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं। इनके शासन काल में प्रदेश को दंगों की आग में झोंक दिया गया था।
आयोग की रिपोर्ट चौंकाने वाली
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और कांग्रेस के शासन काल में हुए दंगों की जो आंशिक रिपोर्ट आई है वह चौंकाने वाली है। किस तरह से प्रदेश में दंगों की साजिश रची गई और बहुसंख्यक समाज पर अत्याचार किया गया। हिंदुओं को पलायन करने पर मजबूर किया गया।
बिना भेदभाव के हो रहा है विकास
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार में बिना भेदभाव के विकास हो रहा है। गरीबों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सशक्तिकरण के माध्यम से हम आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश में छह करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। बिना भेदभाव के आवास योजना का लाभ मिल रहा है। पीएम आवास योजना का सबसे ज्यादा लाभ प्रतापगढ़ जनपद के लोगों को मिला।
राजनीतिक मर्यादा को तार तार कर रही कांग्रेस
बिना किसी का नाम लिए सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करना पूरे देश का अपमान है। देश की जनता अपने को अपमानित महसूस कर रही है।
हर मंडल में होगा स्पोर्ट्स कॉलेज
सीएम योगी ने कहा कि मेरठ में स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय में पहला सत्र आज से शुरू हो रहा है। भाजपा ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद्र को सम्मान देने का कार्य किया है। उनके नाम पर खेल के सबसे बडे़ पुरस्कार की घोषणा की गई है। अब पूरे प्रदेश के हर मंडल में एक स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर सकें।
