(लखनऊ,UP)16नवंबर,2025.
प्रशांत महासागर की ठंडी जलधारा ला नीना की वजह से इस दिसंबर में बनारस हर बार से ज्यादा ठिठुरेगा। धुंध और ओस पड़ने के बाद शुक्रवार से गलन भी शुरू हो गई। अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस सीजन में सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। धूप नहीं हुई और दोपहर के बाद ही ठंड बढ़ने लगी। शाम छह बजते ही तापमान 20 डिग्री तक आ गया।
कल इस सीजन में पहली बार दिन का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे नीचे आ गया जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। इसी वजह से गलन बढ़ी है। दोपहर में ही 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सर्द हवाएं चलीं। रात 10 बजे तक गलन और बढ़ गई। तापमान में और गिरावट हुई तो अगले सप्ताह तक घना कोहरा छाने की संभावना है।
वातावरण की नमी बढ़ी, एयरपोर्ट के आसपास दृश्यता 500 मीटर हुई
वातावरण में नमी भी बढ़ गई है। सुबह नमी 95 फीसदी रिकॉर्ड की गई थी। इससे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास की दृश्यता पहली बार 500 मीटर हो गई। नमी कम रहने पर दृश्यता एक हजार से दो हजार मीटर रहती है। इसी तरह रात 11 बजे तक वातावरण की नमी 75 फीसदी हो गई।
हिमालय से भी आ रहीं सर्द हवाएं
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पहाड़ों पर बर्फबारी होने लगी है। हिमालय की ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे काशी सहित यूपी के मैदानी क्षेत्रों में गलन बढ़ गई। मध्यवर्ती भाग में कहीं-कहीं कोल्ड वेव की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से नीचे है। अगले 2-3 दिनों के दौरान तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।(साभार एजेंसी)
