(लखनऊ,UP)22फरवरी,2026
राजधानी लखनऊ में गोमती तट पर बनाए जा रहे ग्रीन कॉरिडोर का एलडीए की नैमिषनगर योजना तक विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने इसके लिए 80 करोड़ रुपये से अधिक का बजट मंजूर कर दिया है। इस विस्तार से सीतापुर रोड से लगी नैमिषनगर योजना से लोगों का किसान पथ तक आना-जाना आसान होगा और करीब दो लाख की आबादी को बड़ी राहत मिलेगी। ग्रीन कॉरिडोर के विस्तार का काम जल्द शुरू होगा, क्योंकि एलडीए ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।
गोमती तट पर आईआईएम रोड पर बसंतकुंज से किसान पथ तक बनाया जा रहा ग्रीन कॉरिडोर करीब 28 किमी लंबा है। नैमिषनगर से जोड़ने के लिए इसे नौ किमी और बढ़ाया जाएगा। विस्तार का काम आईआईएम रोड पर गोमती के बाएं तट पर होगा। इसमें 2.50 किमी बंधा और 6.50 किमी सड़क होगी, जिससे नैमिषनगर योजना सीधे जुड़ जाएगी। दो महीने पहले एलडीए की बोर्ड बैठक में विस्तार के काम को मंजूरी के बाद इसके बजट के लिए प्रस्ताव शासन भेजा गया था। अब वित्त समिति ने इसे मंजूर कर दिया है।
इन गांवों के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा:
एलडीए सीतापुर रोड पर 1804 एकड़ में नैमिष नगर योजना ला रहा है। इसमें 18 गांवों की जमीन ली जा रही है। इनमें भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोडरी भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर शामिल हैं। ग्रीन कॉरिडोर का विस्तार होने से यहां के लोग आधे घंटे में आसानी से किसान पथ तक पहुंच सकेंगे।
इन इलाकों तक पहुंचना हो जाएगा आसान:
बसंतकुंज, दुबग्गा, पक्कापुल, डालीगंज, मेडिकल कॉलेज, लखनऊ विश्वविद्यालय, हनुमान सेतु, कैसरबाग, हजरतगंज, निशातगंज, अशोक मार्ग, समतामूलक चौक गोमतीनगर, 1090 चौराहा गोमतीनगर, शहीद पथ इकाना स्टेडियम होते हुए किसान पथ तक।
इस हिस्से का एक मार्च को होगा लोकार्पण:
गोमतीनगर के समतामूलक चौराहे से निशातगंज होते हुए हनुमान सेतु तक और फिर वहां से डालीगंज तक ग्रीन कॉरिडोर का दूसरा फेज 22 फरवरी को शुरू नहीं होगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब एक मार्च को इसका लोकार्पण करेंगे। इस रूट के शुरू होने से रोजाना सफर करने वाले एक लाख से अधिक लोगों को आवागमन में आसानी होगी। लोग पांच से सात मिनट में फर्राटा भरते हुए डालीगंज से गोमतीनगर पहुंच सकेंगे।(साभार एजेंसी)
