होमगार्ड भर्ती में “आपदा मित्रों” को मिलेगी प्राथमिकता

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)22फरवरी,2026.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चल रही 45 हजार होमगार्ड की भर्ती में आपदा मित्रों को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि अभी आपदा मित्र की सेवा स्वैच्छिक है, लेकिन जब वे होमगार्ड के रूप में कार्य करेंगे तो उन्हें सरकार द्वारा मानदेय भी दिया जाएगा।

सीएम योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) के अंतर्गत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का वितरण करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में फर्स्ट रिस्पॉन्डर आपदा मित्र हो सकता है। 25 जिलों में 29,772 युवा स्वयंसेवकों (एनसीसी, एनएसएस, एनवाईकेएस, भारत स्काउट एंड गाइड) को प्रशिक्षित कर आपदा मित्र प्रबंधन से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया गया है।

सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवकों को तीन साल तक के लिए जीवन व चिकित्सा बीमा की सुविधा देने का भी निर्णय लिया है। इसके लिए बीते 10 फरवरी को ही आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के साथ एमओयू किया है, जिसमें आपदा मित्र को तीन साल के लिए 5 लाख का बीमा कवर प्रदान किया गया है। प्रदेश में काफी युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षित किए जा चुके हैं, शेष का प्रशिक्षण भी कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा स्नातक-परास्नातक विद्यार्थियों के लिए दो वर्षीय आपदा प्रबंधन इंटर्नशिप कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। युवा इसे पूरा करके आगे आ सकते हैं। बता दें कि होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *