उ.प्र.में भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी जारी

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)6मार्च,2026.

उत्तर प्रदेश में मार्च के पहले सप्ताह में ही तपिश और गर्मी के जो हालात हैं, इसने संकेत दे दिए हैं कि इस बार गर्मी सामान्य से ज्यादा पड़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका है।

शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। झांसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा बांदा में 35.6 डिग्री और आगरा में 35.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

तापमान के बढ़ते रुझान को देखें तो कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। आगरा में तापमान औसत से 7.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि अलीगढ़ में 6.8 डिग्री और उरई में 6.7 डिग्री सेल्सियस का विचलन दर्ज किया गया। इससे साफ है कि प्रदेश में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। ऐसे में अगले सात दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *