सात्विक-चिराग बने,सिंगापुर ओपन के विजेता

National

(नई दिल्ली)01जून,2026

सात्विक साईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पूर्व नंबर एक भारतीय जोड़ी ने खिताबी सूखा समाप्त करते हुए पहली बार सिंगापुर ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। सात्विक-चिराग ने पुरुष युगल वर्ग के फाइनल में इंडोनेशिया के फजर अलफियान और मोहम्मद सोहिबुल फिकरी को हराया। एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन भारतीय जोड़ी ने इस तरह दो साल में अपना पहला और विश्व टूर का कुल नौवां खिताब अपने नाम किया है।

सिंगापुर में पहली बार भारत ने जीता युगल वर्ग का खिताब:
सात्विक-चिराग ने एक घंटा 13 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले में इंडोनेशियाई जोड़ी को 18-21, 21-17, 21-16 से हराकर अपना तीसरा सुपर 750 खिताब जीता था। विश्व की चौथे नंबर की भारतीय जोड़ी के लिए यह खिताब बेहद खास है क्योंकि वे पहले भारतीय हैं जिन्होंने सिंगापुर ओपन में युगल वर्ग का खिताब अपने नाम किया है। सात्विक-चिराग की जोड़ी ने इससे पहले 2024 में थाईलैंड ओपन का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद से ये भारतीय जोड़ी चार बार फाइनल में पहुंची, लेकिन विजेता बनने से चूकती रही। हालांकि, आखिरकार सिंगापुर ओपन में जाकर इस जोड़ी ने खिताबी सूखा समाप्त किया।

इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ बेहतर नहीं था रिकॉर्ड:
फाइनल से पहले भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की इस जोड़ी के खिलाफ खेले गए तीन मुकाबलों में से दो में हार का सामना करना पड़ा था। इस प्रतिद्वंद्वी जोड़ी के खिलाफ उनकी पिछली हार जनवरी में मलयेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में हुई थी। कड़े मुकाबले वाले पहले गेम में पिछड़ने के बावजूद भारतीय जोड़ी ने अपने खेल की गति बढ़ाई और लंबी रैलियों में दबदबा बनाते हुए विश्व नंबर तीन इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ मुकाबले का रुख पलट दिया।

खुशी से झूम उठे सात्विक-चिराग:
यह जीत भारतीय जोड़ी के लिए शानदार सप्ताह का समापन भी रही। उन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के मौजूदा विश्व चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त किम वोन-हो तथा सियो सेउंग-जे की जोड़ी को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। जीत का निर्णायक अंक हासिल होते ही सात्विक और चिराग जश्न मनाने के लिए कोर्ट पर लेट गए। इसके बाद सात्विक ने बच्चों जैसी खुशी का प्रदर्शन किया, जबकि उत्साहित चिराग ने जोरदार दहाड़ लगाई और अपने साथी पर कूद पड़े। बाद में दोनों खिलाड़ियों ने कोर्ट पर नृत्य किया और पोडियम के शीर्ष पायदान पर लंबे समय बाद वापसी का भरपूर आनंद लिया। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *