(जयपुर,राजस्थान)12जुलाई,2026
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 शनिवार सुबह जयपुर सहित प्रदेशभर में शुरू हो गई। जयपुर जिले में सुबह 9 बजे पहली पारी की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में प्रारंभ हुई। जिले के 170 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर करीब 4.15 लाख अभ्यर्थी 12 से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाली 14 विषयों की परीक्षा में शामिल होंगे।
जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कीं
परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशन में प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है तथा उड़नदस्तों और निगरानी टीमों को भी सक्रिय रखा गया है। जिला प्रशासन ने परीक्षा के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा को जिला समन्वयक अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक चंद्र शर्मा को जिला पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सुनील कुमार सिंघल और प्रधानाचार्य सुरेश अग्रवाल को सह-समन्वयक अधिकारी बनाया गया है(साभार एजेंसी)
