(जयपुर,राजस्थान)12जुलाई,2026
राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल थम गई है। मानसून कमजोर पड़ने के बावजूद शनिवार को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश हिस्सों में धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने रविवार को 15 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है, हालांकि किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की सैटेलाइट तस्वीरों में राजस्थान के ऊपर मानसूनी बादलों का प्रभाव काफी कमजोर दिखाई दे रहा है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना कम है।
चूरू में सबसे ज्यादा बारिश:
पिछले 24 घंटों में चूरू जिले के सादुलपुर में सबसे अधिक 55 मिमी (करीब दो इंच) बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 28 मिमी, झुंझुनूं में 18 मिमी तथा हनुमानगढ़ के विभिन्न इलाकों में 3 से 38 मिमी तक वर्षा हुई। अलवर और खैरथल-तिजारा में केवल 1-1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
श्रीगंगानगर सबसे गर्म:
बारिश की कमी के बीच पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बढ़ गया। शनिवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फलोदी में 40.6 डिग्री और जैसलमेर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में करीब 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जिलों में आज बारिश की संभावना:
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, जालोर, सिरोही, उदयपुर और डूंगरपुर में हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल 15 जुलाई तक राज्य के लिए किसी प्रकार का भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
बड़े शहरों में ऐसा रहा मौसम:
राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश नहीं हुई। दिनभर धूप और उमस बनी रही, जबकि रात के तापमान में 4.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अजमेर में बादलों की आवाजाही के बीच मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। अलवर में एक दिन पहले हुई बारिश के बाद शनिवार को फिर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया।
उदयपुर में दिनभर बादल छाने और हल्की हवा चलने के बावजूद बारिश नहीं हुई। कोटा में मानसून की सुस्ती के कारण गर्मी और उमस बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार जिले में इस सीजन में अब तक सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं जोधपुर और सीकर में भी बारिश नहीं होने से तापमान और उमस दोनों बढ़ गए। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मानसून की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। ऐसे में अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश और गर्मी-उमस का दौर जारी रह सकता है(साभार एजेंसी)
