(लखनऊ,UP)23अगस्त,2026.
यूपी में पीएम पोषण के तहत परिषदीय व एडेड स्कूलों में कार्यरत 3.53 लाख रसोइयों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से 11 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड दिया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से 1500 रसोइयों की सहभागिता रही। जिला व तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित करके जनप्रतिनिधियों के माध्यम से रसोइयों को सम्मानित किया गया।इससे पहले शनिवार को महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि रसोइयां सम्मान समारोह का आयोजन बेहतर ढंग से किया जाए।
ब्रजेश पाठक ने देशी अंदाज में रसोइयों से की बात
इस मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपने देशी अंदाज में कहा कि जिज्जी, बहिनी और बिटिया या बताओ आज तक कौनो मुख्यमंत्री तुम्हार सुधि लिहिस रहै। सब लोग बताओ। आज जानि लेव तुम्हरौ सुधि ले वालौ कोऊ है।(साभार एजेंसी)
