(नई दिल्ली)06सितंबर,2026
दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मेट्रो, बस और नमो ट्रेन तक आसान पहुंच मिल सके, इसके लिए कई स्टेशनों को इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की योजना है। आनंद विहार, निजामुद्दीन, पुरानी दिल्ली, शाहदरा, सदर बाजार व समयपुर बादली को स्काईवॉक, एफओबी व भूमिगत सब-वे के जरिए परिवहन साधनों से जोड़ा जाएगा।
आनंद विहार टर्मिनल को मेट्रो व आईएसबीटी से एफओबी से जोड़ा गया है, यहां ट्रैवलेटर युक्त स्काईवॉक का प्रस्ताव है। निजामुद्दीन में एफओबी के जरिए नमो ट्रेन स्टेशन से कनेक्टिविटी बनाई गई है।
पीएमओ के अधिकारियों ने रेलवे व विभागों के साथ बैठक की है। उत्तर रेलवे नोडल एजेंसी होगी और पीएमओ की निगरानी में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होगी। पुरानी दिल्ली को चांदनी चौक, कश्मीरी गेट मेट्रो व आईएसबीटी से, शाहदरा को रेड लाइन मेट्रो व बस टर्मिनल से जोड़ा जाएगा।
सदर बाजार में मेट्रो कॉरिडोर बनने से रेल-मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होगी। समयपुर बादली को बाहरी दिल्ली के महत्वपूर्ण ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इन हबों में पार्किंग, ईवी चार्जिंग व लास्ट माइल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं भी होंगी, जिससे यात्रियों को सुविधा व सड़कों पर बाहनों का दबाव कम होगा। (साभार एजेंसी)
