(गोरखपुर UP)13अप्रैल,2025.
गोरखपुर एयरपोर्ट पर शनिवार को भी फ्लाइटों की उड़ान में देरी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो की मुंबई से 14 मिनट पहले शाम 05:05 बजे आने वाली फ्लाइट को सवा घंटे तक टैक्सी-वे पर ठहरना पड़ा।
इस वजह से मुंबई से गोरखपुर आए करीब 220 यात्री फ्लाइट में फंसे रहे। वहीं टर्मिनल में यात्रियों की अधिक भीड़ होने की वजह से हंगामे की स्थिति बन गई। किसी तरह एयरपोर्ट प्रशासन ने समझाकर सभी यात्रियों का शांत कराया।
एयरपोर्ट पर सबसे अधिक परेशानी अकासा एयरलाइन के यात्रियों को हुई, जब बंगलूरू से आने और दिल्ली जाने वाली दोनों उड़ान रद्द कर दी गईं। देरी की वजह से रात को मुंबई जाने वाले स्पाइस जेट के विमान की उड़ान स्पेशल परमिशन पर हुई।
विमानों की बार-बार देरी और अचानक उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। कुछ यात्री छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर कर रहे थे, जिन्हें कई घंटों तक टर्मिनल में बैठने की जगह भी नहीं मिली।
सुबह 9:30 बजे दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान 1:40 मिनट की देरी से गोरखपुर पहुंचा। इसी तरह, अपराह्न 3:15 बजे दिल्ली से आने वाला इंडिगो का दूसरा विमान भी 1:20 मिनट की देरी से लैंड हुआ। एलायंस एयर का विमान शाम 7:53 बजे पहुंचा, जबकि यह पहले तय समय से करीब 1:50 मिनट लेट था।
मुंबई से शाम 6:05 बजे पहुंचने वाला स्पाइस जेट का विमान रात 8:30 बजे पहुंचा और फिर रात 9:50 बजे मुंबई के लिए रवाना हुआ। गौरतलब है कि गोरखपुर एयरपोर्ट से रात 9 बजे के बाद सामान्य रूप से कोई उड़ान नहीं होती। ऐसे में इस उड़ान के लिए एयरफोर्स से विशेष अनुमति ली गई।
इसी तरह, शाम 6:50 बजे दिल्ली से आने वाला अकासा एयरलाइन का विमान रात 8 बजे पहुंचा और रात 9:12 बजे बंगलूरू के लिए रवाना हुआ। वहीं, इंडिगो की बंगलूरू उड़ान भी 1:20 मिनट की देरी से शाम 4:55 बजे हुई।
एयरपोर्ट के एप्रेन पर एक ही बड़ी फ्लाइट ठहरने की जगह है। इस वजह से अन्य फ्लाइट को टैक्सी वे पर रोकना पड़ रहा है। नया एप्रेन बनने तक यह समस्या है: आरके पराशर, निदेशक,एयरपोर्ट (साभार एजेंसी)