नेपाल सीमा से सटे जिलों में बंद कराए गए 82 अवैध मदरसे,350 से ज्यादा अवैध कब्जे भी ध्वस्त

UP / Uttarakhand

(लखनऊ UP)02मई,2025.

नेपाल सीमा से सटे प्रदेश के जिलों में अवैध मदरसों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों के खिलाफ जारी अभियान छठे दिन 44 से ज्यादा मदरसे बंद कराए गए और 36 से अधिक अवैध कब्जे हटाए गए। अब तक करीब 82 अवैध मदरसों को बंद कराया जा चुका है। 350 से ज्यादा अवैध कब्जों को भी ध्वस्त किया गया है। राज्य सरकार के निर्देश पर सीमावर्ती इलाकों में राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमें छापा मारकर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।

उत्तर प्रदेश में बिना मान्यता और मानकविहीन मदरसों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान चल रहा है। सरकारी जमीन पर बने अवैध धार्मिक स्थलों को भी ध्वस्त किया जा रहा है। अब तक बड़ी संख्या में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की जा चुकी है। बृहस्पतिवार को श्रावस्ती में अवैध रूप से चल रहे पांच मदरसों को सील किया गया। अब तक कुल 41 के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। नेपाल बॉर्डर के 15 किलोमीटर के दायरे में आठ और अतिक्रमण ध्वस्त किए गए। इस तरह के 139 कब्जे गिराए जा चुके हैं। ग्राम भरथा, रोशनगढ़, परगना व तहसील भिनगा में सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद को भी ध्वस्त किया गया है।

बलरामपुर में आठ मदरसों को नोटिस:
बलरामपुर में आठ मदरसों को नोटिस दिया गया है। तीन मजारों से अवैध कब्जा हटा लिया गया है और पांच को नोटिस दिया गया है। कुल 16 अतिक्रमण चिह्नित कर तीन पर कार्रवाई की जा चुकी है। एक स्थान पर ईदगाह बनी है, जिस पर कार्रवाई होनी है। निरीक्षण में अब तक कुल 20 मदरसे मानक विहीन पाए गए। उनमें निर्धारित पाठ्यक्रम भी नहीं पढ़ाया जा रहा था। इन सभी मदरसों को बंद करा दिया गया है। दो मदरसों को एक सप्ताह का समय देने के बावजूद वे दस्तावेज नहीं पेश कर पाए। इन्हें नोटिस दिया गया है।

बहराइच में 135 अवैध निर्माण ध्वस्त:
बहराइच में तहसील नानपारा और तहसील मिहींपुरवा में चार-चार अतिक्रमण हटाए गए हैं। इस तरह अब तक यहां कुल 135 अवैध निर्माण ध्वस्त किए जा चुके हैं। इससे पहले पांच अन्य मदरसों को भी सीज किया जा चुका है। वहीं छह में से तीन लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया। सिद्धार्थनगर में कुल 17 अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई है। इसमें 3 मस्जिदें और 14 मदरसे शामिल हैं। पीलीभीत और महराजगंज में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *