बच्चों को साथ लेकर टीईटी पास शिक्षा मित्रों ने रोटी लेकर किया प्रदर्शन

Uttar Pradesh

( लखनऊ UP )03जून,2025.

स्थाई किए जाने के लिए बीते सात दिनों से धरना दे रहे टीईटी पास शिक्षा मित्रों ने हाथों में रोटी लेकर प्रदर्शन किया। अपने बच्चों के साथ ईको गार्डेन पहुंचे शिक्षा मित्रों ने कहा कि बेहद कम मानदेय में परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो रहा है।

शिक्षक/शिक्षामित्र उत्थान समिति उत्तर प्रदेश के बैनर तले बीती 27 मई से इको गार्डेन में नियमित किए जाने की मांग के लिए धरना दे रहे टीईटी पास शिक्षा मित्रों ने मांगे पूरी न होने पर दो जून की रोटी के संकल्प के साथ हाथों में रोटी लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई शिक्षा मित्र अपने बच्चों के साथ प्रदर्शन किया।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गुडडू सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री से गुहार लगाते हुए कहा कि 10 हजार रुपये मानदेय में परिवार की रोटी चला पाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि इतना कम मानदेय भी साल में सिर्फ 11 महीना ही दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सकुशल मजदूर की मजदूरी 26910 रुपये तय की है जबकि बीटीसी टेट पास कुशल शिक्षा मित्रों को मात्र 10 हजार रुपये प्रतिमाह ही मानदेय दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, हिमांचल प्रदेश की तरह उत्तर प्रदेश के शिक्षा मित्रों को भी नियमित किया जाय। प्रदेश संगठन मंत्री विकास शर्मा ने नॉन टेट शिक्षामित्र की योग्यता को पूर्ण कराते हुए स्थाई करने की व्यवस्था देने की मांग की।

नई शिक्षक भर्ती जारी करने के लिए युवाओं ने दिया धरना:
एक तरफ प्रयागराज में युवा नई शिक्षक भर्ती जारी करने के लिए तीन दिन से धरने पर बैठे हैं तो दूसरी तरफ राजधानी में ईको गार्डेन में भी युवाओं ने इसके लिए धरना दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सात साल से कोई प्राथमिक शिक्षक भर्ती नहीं आई है।

जबकि 12 लाख टीईटी, सीटीईटी पास अभ्यर्थी भटक रहे हैं। बीटीसी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीतेश पांडेय ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मांग की कि जल्द से जल्द नई भर्ती का विज्ञापन निकाला जाए। यदि सरकार ने जल्द खाली पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन न निकाला तो पूर्व में भी 101 दिन अनवरत धरना दिया जा चुका है। फिर से लाखों प्रशिक्षु आंदोलन को बाध्य होगे। धरने में विवेक कुमार, शिवम सोलंकी, दुर्गेश, सोम, दीपक शुक्ला, प्रशान्त आदि शामिल थे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *