(पटना,बिहार)20अगस्त,2025.
बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में आयोजित होने वाले हीरो एशिया कप हॉकी 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टूर्नामेंट के आधिकारिक शुभंकर ‘चांद’ और ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया. इस अवसर पर उन्होंने ट्रॉफी गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से होकर गुजरेगी।
बिहार के लिए गौरव का क्षण: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में पहली बार आयोजित होने वाला यह प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी टूर्नामेंट राज्य के लिए गौरव का विषय है. यह आयोजन न केवल बिहार की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन की क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी राज्य की वैश्विक छवि को मजबूत करेगा।
कब से शुरू हो रहा मुकाबला: राजगीर खेल परिसर में 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा. इसके लिए राजगीर खेल परिसर में विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम सहित कई खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
‘चांद’ हॉकी के जादूगर का प्रतीक: हीरो एशिया कप 2025 का शुभंकर ‘चांद’ भारत के राष्ट्रीय पशु बाघ से प्रेरित है, जो साहस, स्फूर्ति और कौशल का प्रतीक है. इसका लाल लबादा शक्ति और उत्साह को दर्शाता है, जबकि जादूगर की टोपी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करती है. ‘चांद’ का नाम मेजर ध्यानचंद से प्रेरित है, जिन्होंने चांदनी रातों में अभ्यास कर हॉकी में इतिहास रचा. यह शुभंकर बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के बाघ से भी प्रेरणा लेता है।
मेजर ध्यानचंद की जयंती शुरू होगा टूर्नामेंट: 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती से शुरू होने वाला यह टूर्नामेंट हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा. इसमें भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी. विजेता टीम हॉकी विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा।
ट्रॉफी गौरव यात्रा का शुभारंभ: हॉकी के प्रति जन-जन में उत्साह जगाने के लिए 17 अगस्त से शुरू होने वाली ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड से होकर गुजरेगी. इसका उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना और इस ऐतिहासिक आयोजन में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस राजगीर: हॉकी इंडिया के गोलकीपर पी.आर. सृजेश ने कहा कि बिहार में हॉकी के प्रति गहरा लगाव है. राजगीर का अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम और खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल में उपलब्ध सुविधाएं विश्वस्तरीय हैं।
“मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है, जिसकी चर्चा देश-विदेश में हो रही है. राजगीर का अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाएं विश्वस्तरीय हैं.”-पी.आर. सृजेश, गोलकीपर, हॉकी इंडिया
हॉकी इंडिया का सम्मान: कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को मोमेंटो भेंट किया, जबकि पी.आर. सृजेश ने शुभंकर ‘चांद’ का प्रतीक चिह्न प्रदान किया. इस अवसर पर हीरो एशिया कप 2025 से संबंधित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
डिप्टी सीएम और ओलंपिक खिलाड़ी रहे उपस्थित: इस भव्य आयोजन में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक महेंद्र कुमार सहित कई वरीय अधिकारी और ओलंपिक खिलाड़ी उपस्थित थे।(साभार एजेंसी)