“सेवा पखवाड़ा” के तहत “स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन

UP / Uttarakhand

(महराजगंज,UP)19सितम्बर,2025.

भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित किए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला में गुरुवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घुघली में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी पहुंचे। उन्होंने मरीजों और आमजन से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

शिविर में चिकित्सकों ने बड़ी संख्या में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और नि:शुल्क दवाएं वितरित कीं। इस दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे जनता तक पहुंचें और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना और प्रबल हो।

इसके बाद घुघली स्थित एक निजी मैरेज लॉन में व्यापार मंडल द्वारा केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन किया गया। व्यापारियों ने नेक्स्ट जेन जीएसटी सुधारों के तहत आमजन और व्यापार जगत को मिली राहत के लिए आभार जताया। उनका कहना था कि सुधारों से कर प्रणाली पारदर्शी बनी है और व्यापारिक वातावरण में सहजता आई है।

पंकज चौधरी ने व्यापार मंडल की बैठक में भी भाग लिया और व्यापारियों की अपेक्षाएं व सुझाव सुने। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार व्यापार जगत के हितों की रक्षा और सुगम व्यापार वातावरण बनाने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने सभी से सहयोग और सुझाव साझा करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष जायसवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेश कुमार रुंगटा, सेतभान सिंह समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *