राष्ट्रपति,श्रीकृष्- राधा रानी के दर्शन करने मथुरा पहुंचीं

National

(नई दिल्ली) 25सितम्बर,2025.

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को प्रभु श्रीकृष्ण और राधा रानी के दर्शन के लिए प्रेसिडेंट स्पेशल ट्रेन से कड़ी सुरक्षा के बीच मथुरा पहुंचीं। दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से सुबह 8:10 बजे ‘महाराजा एक्सप्रेस’ को प्रेसिडेंट स्पेशल ट्रेन के रूप में मथुरा के लिए रवाना किया गया। राष्ट्रपति के साथ उनका स्टाफ और भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन से पहले एक एडवांस पायलट इंजन और कोच रेलवे ट्रैक की जांच के लिए चलाया गया। प्रेसिडेंट स्पेशल ट्रेन को चलाने के लिए कई दिनों से रेलवे स्टेशन और ट्रैक की कड़ी सुरक्षा जांच की जा रही थी। सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर एसपीजी, आरपीएफ, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात थे। रेलवे ट्रैक पर भी आरपीएफ और राज्य पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी। राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए विशेष प्रोटोकॉल का पालन किया गया। इससे पहले 25 जून 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी प्रेसिडेंट स्पेशल ट्रेन से दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से कानपुर की यात्रा की थी। उस समय भी महाराजा एक्सप्रेस को प्रेसिडेंट स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया गया था।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *