शराब बिक्री से 4600 करोड़ से ज्यादा की राजस्व प्राप्ति

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)06अक्टूबर,2026

उत्तर प्रदेश के आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के सितंबर माह में कुल 4,611.29 करोड़ रुपए का राजस्व मिला है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि (3,811.70 करोड़ रुपये) से 799.59 करोड़ रुपए अधिक है। इसके साथ ही विभाग ने इस माह 120.98 फीसद की उपलब्धि हासिल की है। इसकी वजह पूरे प्रदेश में चलाए गए प्रवर्तन अभियान, हाईवे, ढाबों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकिंग और क्यूआर कोड आधारित ‘ट्रैक एंड ट्रेस’ तकनीक है जिससे कर चोरी पर लगाम लगी।

वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल से सितंबर 2026) के दौरान भी विभाग ने रिकॉर्ड राजस्व जुटाया है। इस अवधि में 29,406.50 करोड़ रुपए राजस्व हासिल किया गया, जबकि बीते वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में 26,149.32 करोड़ रुपए राजस्व मिला था। इस तरह बीते वर्ष के मुकाबले विभाग ने 3,257.18 करोड़ रुपए (112.46 फीसद) का अतिरिक्त राजस्व जुटाया है।

आबकारी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने कहा विभाग की टीमों का डिस्टिलरी से लेकर फुटकर दुकानों तक कड़ा पहरा है। यह अतिरिक्त राजस्व प्रदेश के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं को और गति देगा। उन्होंने बताया कि सितंबर में चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत विभाग ने 89 हजार से अधिक स्थानों पर छापेमारी कर 2.33 लाख लीटर से ज्यादा अवैध शराब जब्त की और 251 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *