बढ़नी से बांद्रा टर्मिनस के लिए चलाई गईं दो ट्रेनें

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)11अक्टूबर,2025.

दीपावली और छठ को देखते हुए बढ़नी रेलवे स्टेशन से बांद्रा टर्मिनस तक दो विशेष ट्रेनों का संचालन बृहस्पतिवार से शुरू हो गया है। ये ट्रेनें आठ-आठ फेरों के लिए चलेंगी। तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर इनका ठहराव न होने से व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि तुलसीपुर शहर के व्यापारियों को कारोबार में समस्या आएगी। उन्होंने तुलसीपुर में भी इन ट्रेनों के ठहराव की मांग की है।

व्यापार मंडल, तुलसीपुर के अध्यक्ष श्याम विहारी अग्रहरि, नगर उद्योग व्यापार मंडल, तुलसीपुर के महामंत्री रूपचंद्र गुप्ता व राधेश्याम चौरसिया ने रेलवे के उच्चाधिकारियों को एक पत्र भेजा है। इसमें कहा कि बढ़नी से बांद्रा टर्मिनस तक बलरामपुर रूट से होकर ट्रेन संख्या 05033 आठ फेरों के लिए नौ अक्तूबर से 27 नवंबर तक चलाई जाएगी। बांद्रा टर्मिनस से बलरामपुर रूट से होकर बढ़नी के लिए 11 अक्तूबर से 29 नवंबर तक ट्रेन संख्या 05034 का संचालन आठ फेरों के लिए किया जाएगा।

50 हजार की आबादी को मिलेगा यात्रा का लाभ:
तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर इन ट्रेनों का ठहराव नहीं है। इससे व्यापारियों को यात्रा का लाभ नहीं मिल सकेगा। तुलसीपुर के लोगों को ट्रेन से यात्रा के लिए 30 किलोमीटर दूर बलरामपुर रेलवे स्टेशन का चक्कर काटना पड़ेगा। यदि तुलसीपुर में दोनों ट्रेनों का ठहराव होगा तो शहर व गांवों की करीब 50 हजार आबादी को त्योहार में यात्रा का लाभ मिलेगा। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एनईआर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि व्यापारियों का पत्र मिलने पर तुलसीपुर में ट्रेनों के ठहराव के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *