(वाराणसी,UP)12नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में देव दीपावली और गंगा महोत्सव की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की और अधिकारियों को भव्य और सुरक्षित आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान का सबसे बड़ा उत्सव है, इसे दिव्य और व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा, जहां रोज शाम सांस्कृतिक संध्या होगी। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने को कहा। इस बार सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे, जिनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार दीये भी शामिल हैं।
सीएम योगी ने कहा कि रोशनी का पर्व केवल मुख्य घाटों तक सीमित न रहे। सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव, शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर, ग्रामीण क्षेत्रों और सभी प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव हो। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन की तैयारी भी समय से पूरी की जाए।
24 नवंबर की शाम सभी घाटों पर दीप प्रज्वलन होगा, दशाश्वमेध घाट पर महाआरती के बाद चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन-लेजर शो, दशाश्वमेध और अस्सी घाट पर ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम घाट पर ग्रीन आतिशबाजी होगी।
सुरक्षा के लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। 27 वॉच टावर, QRT, एंटी-रोमियो स्क्वॉड, गोताखोर, ड्रोन निगरानी, 11 खोया-पाया केंद्र और ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस तैनात रहेगी। भीड़ नियंत्रण के लिए नमो से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग जेट्टी से टू-वे नाव व्यवस्था, डीजल और बाहरी नावों पर रोक रहेगी। NDRF, फ्लड PAC, जल पुलिस और वाटर एंबुलेंस गश्त पर रहेगी।
मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और दीपदान के बाद तुरंत सफाई कराने को कहा, ताकि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।(साभार एजेंसी)
