CM मान ने 1000 ग्रामीण खेल मैदान जनता को समर्पित किए

Punjab

(चंडीगढ़,पंजाब)12नवंबर,2026

मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने आज फतेहगढ़ साहिब जिले के अमलोह हलके के गांव शाहपुर से प्रदेश के लिए 1000 नए ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन किया। इस बड़े उद्घाटन के साथ ही सरकार के 3100 मैदान बनाने के लक्ष्य में से 1764 मैदान जनता को समर्पित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान युवाओं से आह्वान किया कि वे रोजाना मैदान में जरूर आएं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मैदानों में लाइटों की व्यवस्था भी कर दी है, ताकि युवा सुबह-शाम किसी भी समय अभ्यास कर सकें। सरकार का मकसद युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेलों से जोड़ना और गांवों से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करना है।

इससे पहले पहले चरण में 4 मई को 255 मैदान और दूसरे चरण में 24 अगस्त को 509 मैदानों का उद्घाटन हो चुका है। आज तीसरे चरण में जिन 1000 मैदानों का उद्घाटन हुआ है, उनमें फतेहगढ़ साहिब जिले के 93 मैदान शामिल हैं।

मैदानों में होंगी ये सुविधाएं

इन खेल मैदानों में छह फीट ऊंची जालीदार चारदीवारी, पौधारोपण, लाइटों वाले पैदल ट्रैक, महिला-पुरुषों के लिए अलग शौचालय, स्टोर रूम, पानी के पंप और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है। बच्चों के लिए झूले-फिसलपट्टियां लगाई जा रही हैं और बड़े चयनित मैदानों में 400 मीटर के छह लेन वाले दौड़ ट्रैक भी बनाए जाएंगे।

खेल किट और मुफ्त कोचिंग

हर गांव को फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और क्रिकेट की किट दी जाएगी। इसमें गोल पोस्ट, वॉलीबॉल के खंभे-जाल, तीन फुटबॉल, तीन वॉलीबॉल और क्रिकेट किट शामिल है। फुटबॉल खिलाड़ियों को 36 जोड़ी जूते भी दिए जाएंगे। फुटबॉल और वॉलीबॉल के कोच गांवों में जाकर मुफ्त प्रशिक्षण देंगे। मैदानों की देखरेख के लिए बनने वाली समिति में सरपंच, युवा क्लब अध्यक्ष, जेई, पंचायत सचिव और एक महिला सदस्य शामिल होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 600 ग्रामीण जिम बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 500 बन चुके हैं। नई खेल नीति के तहत 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये का इनाम दिया गया है। ओलंपिक तैयारी के लिए 15 लाख और एशियन व कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए 8 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। खेलों के लिए कुल 1744 करोड़ रुपये का प्रावधान है।

इस दौरान कपूरगढ़ के युवाओं ने पंचायती जमीन होने का हवाला देकर स्टेडियम की मांग की, जिस पर सीएम ने विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग को तुरंत प्रक्रिया शुरू करने को कहा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद, हरदीप सिंह मुंडियां मौजूद रहे। (साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *