नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)26अक्टूबर,2025.

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉमेस्टिक टर्मिनल, उद्घाटन समारोह स्थल, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के बोर्डरूम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) और एयरपोर्ट निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक में परियोजना की प्रगति, आगामी कार्ययोजना और उद्घाटन समारोह की तैयारियों पर पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। इस दौरान, सीएम योगी ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश के विकास का प्रतीक बनेगा, इसलिए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और समन्वय सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं और उद्घाटन समारोह की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश:
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और यात्री सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए ठोस और समन्वित कार्ययोजना तैयार करने को कहा। एयरपोर्ट से जुड़ी सड़क और मेट्रो लिंक परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे के संचालन से जुड़े सभी तकनीकी, सुरक्षा एवं प्रशासनिक पहलुओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को पूर्ण रूप से सुदृढ़ और चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य होगी।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान:
मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे से सड़क संपर्क, माल परिवहन संपर्क, अग्निशमन केंद्र, जल शोधन संयंत्र, जलभराव निस्तारण एवं वाहन पार्किंग की व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की। नायल के सीईओ राकेश कुमार सिंह और नोडल अफसर शैलेन्द्र भाटिया ने प्रगति और कनेक्टिविटी के संबंध में अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित अनुभव प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि हवाई अड्डे के सभी कार्यों की प्रगति नियमित रूप से समीक्षा कर गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

150 उड़ानें प्रतिदिन हो सकेंगी संचालित:
जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण कराए जाने वाले हिस्से का क्षेत्रफल 3,300 एकड़ है, जबकि कुल 6,700 एकड़ भूमि का अब तक अधिग्रहण किया जा चुका है शेष 5,100 एकड़ भूमि अगले तीन माह में ली जाएगी। भूमि क्रय की लागत लगभग ₹5,000 करोड़ और एयरपोर्ट निर्माण की लागत ₹7,000 करोड़ है। उद्घाटन के समय एयरपोर्ट एक रनवे के साथ क्रियाशील होगा और इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 1.2 करोड़ होगी। साथ ही, औसतन प्रतिदिन 150 उड़ानें यहां से संचालित होंगी। भविष्य में यात्रियों की संख्या 1 करोड़ से अधिक होने पर दूसरे रनवे का निर्माण शुरू हो जाएगा और दोनों रनवे मिलकर 7 करोड़ यात्रियों की सेवा करेंगे। जेवर एयरपोर्ट के पूर्ण स्वरूप में कुल 5 रनवे होंगे, इसका कुल क्षेत्रफल 11,750 एकड़ होगा और यह प्रतिवर्ष 30 करोड़ यात्रियों को सेवा देने में सक्षम होगा।

पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन:
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 30 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित है। सीएम योगी के दौरे से पहले सीईओ यमुना प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह ने बताया था कि सीएम का कार्यक्रम मिल गया है। वह नोएडा एयरपोर्ट पर तैयारियों को परखेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैयारियां जोरों पर हैं। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है, जिसमें सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया जा रहा है।

इसके अलावा एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग और पार्किंग की भी तैयारियां की जा रही हैं। दो दिन पहले ही यात्रियों के आगमन और विमान सेवाएं शुरू करने का सफल ट्रायल भी किया गया।अधिकारियों का कहना है कि आगे भी यह ट्रायल किया जाएगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *