(गोरखपुर,UP)26अक्टूबर,2025.
नगर निगम ने म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया को गति दे दी है।अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र की अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन प्री-बिड मीटिंग में देश की 20 प्रमुख एजेंसियों ने हिस्सा लिया। इनमें मर्चेंट बैंक, लीगल फर्म और रेटिंग एजेंसियां शामिल थीं।
बैठक में एजेंसियों ने बॉन्ड से संबंधित टेंडर की शर्तों, कानूनी प्रावधानों और वित्तीय मॉडल समेत कई बिंदुओं पर चर्चा की। मर्चेंट बैंकों ने बॉन्ड की वित्तीय संरचना और निवेश प्रक्रिया को लेकर सवाल पूछे, जबकि लीगल फर्मों ने दस्तावेजीकरण और कानूनी औपचारिकताओं पर अपने सुझाव रखे। रेटिंग एजेंसियों ने बांड की क्रेडिट रेटिंग तय करने के मानकों पर स्पष्टीकरण मांगा।
नगर निगम प्रशासन, गोरखपुर ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे सोमवार तक अपने प्रश्न ईमेल के माध्यम से अकाउंट ऑफिसर को भेजें, ताकि उनके विस्तृत जवाब तैयार किए जा सकें। निगम की योजना 100 से 150 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने की है, जिसके माध्यम से शहर की सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को नई गति दी जाएगी।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने कहा कि यह बॉन्ड न केवल गोरखपुर की विकास योजनाओं को नई दिशा देगा बल्कि निगम को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक ठोस कदम होगा। अकाउंट ऑफिसर नागेंद्र सिंह ने बताया कि एजेंसियों से प्राप्त सभी सवालों का संकलन कर सोमवार के बाद उनके जवाब साझा किए जाएंगे। इसके बाद टेंडर अपलोड की प्रक्रिया शुरू होगी।(साभार एजेंसी)
