(चंडीगढ़,हरियाणा)10 नवंबर 2026.
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ में अधिकारियों के साथ बैठक कर यमुनानगर में होने वाले कपालमोचन मेले की तैयारियों की समीक्षा की। यह मेला 20 नवंबर से 24 नवंबर तक चलेगा और इसे राज्य स्तरीय मेले के रूप में मनाया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले को भव्यता प्रदान की जाए और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बिजली-पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री को बताया गया कि इस बार मेले में कई नवाचार किए जा रहे हैं। यहां सिखों के दस गुरुओं के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी, अंबाला में बने 1857 क्रांति स्मारक की विशेष प्रदर्शनी और सरकार की विकास योजनाओं को दर्शाती प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
इसके साथ ही गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन पर आधारित ड्रोन शो और लाइट एंड साउंड शो भी मेले में आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा।(साभार सोशल मीडिया)
