(लखनऊ,UP)28जून,2026.
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की बैठक संपन्न हुई। उन्होंने एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक अवसंरचना, ग्रामीण आजीविका, ऊर्जा, कृषि, डेटा सेंटर, ईवी चार्जिंग तथा अन्य जनहितकारी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो। विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी शासकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों, चिकित्सा संस्थानों, जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष चिकित्सालयों तथा होटलों में फायर एनओसी की स्थिति का तत्काल सत्यापन कराया जाए। जिन संस्थानों की फायर एनओसी की वैधता समाप्त होने वाली है अथवा जिनके पास वैध फायर एनओसी उपलब्ध नहीं है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी की जाएं। जनसुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेसवे सहित अन्य परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। नए एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्षेत्रों के विकास हेतु पर्याप्त भूमि की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ईवी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आवश्यक अनुमतियों एवं प्रक्रियाओं को सरल बनाते हुए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार सुनिश्चित करने तथा निजी क्षेत्र के निवेश को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने लाइन लॉस के संबंध में फीडरवार जवाबदेही निर्धारित करने तथा बिजली चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।(साभार)
