(लखनऊ,UP)11जनवरी,2026.
राजधानी में शनिवार भोर कोहरे का आंशिक प्रभाव देखा गया,मगर धूप निकलते ही कोहरा छंट गया। इसके बाद खिली धूप ने पिछले कई दिनों से चली आ रही ठिठुरन से लोगों को राहत दी। शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को अधिकतम तापमान में 4.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा की गति और दिशा में हुए परिवर्तन की वजह से राजधानी में रविवार तक मौसम शुष्क रहेगा। कोहरे के घनत्व में कमी आएगी व तापमान बढ़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने पर सोमवार से फिर तापमान में कमी आएगी और ठंड का असर शुरू हो जाएगा। ठंड का असर अगले कुछ दिनों तक बरकरार रहेगा, लेकिन दिन के समय ठंड से थोड़ी राहत रहेगी। वहीं,रात का तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी।
राजधानी में तापमान में आई बढ़ोतरी के बीच खिली धूप का असर सामान्य जनजीवन पर भी देखने को मिला। सड़क से लेकर बाजारों, पार्कों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर शहरियों की भीड़ अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक देखी गई। तापमान में बढ़ोतरी के चलते शहर के पार्कों में वीकेंड पर खूब रौनक देखने को मिली। देर शाम तक बाजारों में भी रौनक देखी गई। खिली धूप का लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है(साभार एजेंसी)
