(लखनऊ,UP)18जनवरी,2026.
उत्तर प्रदेश में कफ सिरप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वाराणसी की एक रियल एस्टेट कंपनी की महिला निदेशक को नोटिस भेजा है। उसे दो दिन के भीतर दस्तावेजों के साथ पेश होने को कहा गया है। ईडी को शुभम जायसवाल की शैली ट्रेडर्स फर्म के खाते से महिला निदेशक के खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर किए जाने की सुबूत मिले हैं।
कफ सिरप मामले में ईडी मनी लॉन्डि्रंग का केस दर्ज कर तफ्तीश कर रही है। तफ्तीश में सामने आया कि वाराणसी की रियल एस्टेट कंपनी का कनेक्शन शुभम जायसवाल से है। कंपनी की महिला निदेशक के बैंक खाते में शुभम की फर्म के खाते से 22 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। इसलिए महिला निदेशक से पूछताछ कर उसके बयान ईडी दर्ज करेगी। उसी आधार पर तफ्तीश आगे बढ़ाएगी। मालूम हो कि रियल एस्टेट कंपनी के कारोबारी का कारोबार यूपी से लेकर महाराष्ट्र तक फैला हुआ है। उसका सराफा का भी बड़ा कारोबार है।
दस दिन की मांगी मोहलत,नहीं मिली:
महिला निदेशक ने दस दिन की मोहलत मांगी थी। इसके बाद पेश होने की बात कही थी लेकिन ईडी ने मोहलत नहीं दी। दो दिन का वक्त उनको दिया गया है। दो दिन में बैंक खाते समेत अन्य सभी दस्तावेजों के साथ ईडी के सामने पेश होना होगा। अगर वह पेश नहीं होती हैं तो ईडी आगे की कार्रवाई करेगी।
कारोबारी भी जांच की जद में,कसेगा शिकंजा:
चूंकि कंपनी की महिला निदेशक के खाते में रकम भेजी गई है इसलिए पहले उससे ईडी पूछताछ करेगी। लेकिन मामले में कारोबारी भी जांच की जद में हैं। उस पर शिकंजा कसेगा। सूत्रों के मुताबिक यूपी से लेकर मुंबई तक के उसे कारोबार के बारे में ईडी जानकारी जुटा रही है।जल्द उसको भी नोटिस भेजा जाएगा।(साभार एजेंसी)
