परिषदीय स्कूलों में शुरू हुईं वार्षिक परीक्षाएं

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)16मार्च,2026.

उत्तर प्रदेश के 1.34 लाख परिषदीय विद्यालयों के 1.50 करोड़ बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। हालांकि एसआईआर आदि कामों की वजह से विद्यालयों की पढ़ाई काफी प्रभावित रही है। वहीं इस बार कक्षा पांच और आठ की परीक्षा में मुख्यालय से सख्ती की जा रही है।

पहले दिन अधिकतर क्लास की मौखिक परीक्षाएं थीं। जबकि मंगलवार से मुख्य पेपर शुरू होंगे। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। इसमें सिर्फ कक्षा पांच और आठ के पेपर में बदलाव किया गया है।

स्कूल चलो अभियान से पहले विद्यालयों में पहुंचें किताबें
परिषदीय विद्यालयों में नया सत्र 2026-27 एक अप्रैल से शुरू हो रहा है। इससे पहले विद्यालयों के कील-कांटे दुरुस्त किए जा रहे हैं। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी पूरी की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी सीडीओ के साथ ऑनलाइन बैठक कर निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किताबों की आपूर्ति जिला स्तर पर हो गई है। यह सुनिश्चित किया जाए कि स्कूल चलो अभियान (एक अप्रैल) से पहले किताबें विद्यालयों में उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान का विस्तृत निर्देश जारी किया जा चुका है। इसके तहत बच्चों का नामांकन कराएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी छात्र ड्राप आउट न हो।

अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि आरटीई में जिन बच्चों को दो चरणों में निजी विद्यालयों में सीट मिली है, उनका दाखिला सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में महानिदेशक स्कूल शिक्षा व बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *