सीएम योगी करेंगे 53.26 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

UP / Uttarakhand

(गोरखपुर,UP)23मार्च,2026

गोरखपुर शहर के विकास को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।कई परियोजनाओं को शासन से मंजूरी मिली है। इसके बाद नगर निगम ने इन परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की तैयारी तेज कर दी है।

नगर निगम ने प्रथम चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों करीब 53.26 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास की योजना तैयार की है। इन परियोजनाओं में घंटाघर क्षेत्र में निर्मित बंधु सिंह मल्टीलेवल पार्किंग व कमर्शियल काम्प्लेक्स तथा घंटाघर के सुंदरीकरण कार्य का लोकार्पण, जबकि पांडेयहाता में प्रस्तावित कमर्शियल काम्प्लेक्स का शिलान्यास का कार्यक्रम शामिल है।

इन परियोजनाओं के शुरू होने से गोरखपुर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और शहर के सौंदर्य में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

घंटाघर इलाके में लंबे समय से जाम की समस्या बनी रहती है। इसे देखते हुए नगर निगम की ओर से लगभग 27.26 करोड़ रुपये की लागत से बंधु सिंह पार्क में आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग और कमर्शियल कांप्लेक्स का निर्माण कराया गया है। यह परियोजना अब पूरी तरह तैयार है और इसके शुरू होने से क्षेत्र में यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

लाल डिग्गी पार्क रोड स्थित पांडेयहाता के व्यावसायिक क्षेत्र में करीब 25 करोड़ रुपये (2463.93 लाख) की लागत से एक आधुनिक शापिंग कांप्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित है। कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) द्वारा तैयार प्रस्ताव के अनुसार यह भवन बेसमेंट सहित पांच मंजिला होगा।

चार मंजिलों पर कुल 62 दुकानों का निर्माण किया जाएगा, जबकि बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इस आधुनिक कमर्शियल कांप्लेक्स में कुल 65 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी, जिसमें से 25 चार पहिया और 40 दो पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

इससे बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था और जाम की समस्या कम होगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नगर निगम की ओर से विरासत गलियारा परियोजना के तहत विस्थापित दुकानदारों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएंगी। स्वीकृति मिलने के बाद यह परियोजना करीब डेढ़ वर्ष में पूरी होने की संभावना है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री के द्वारा सुंदरीकरण के बाद शहर के ऐतिहासिक घंटाघर के लोकार्पण की भी योजना है। दरअसल, शहर के ऐतिहासिक घंटाघर का भी करीब एक करोड़ रुपये की लागत से व्यापक सुंदरीकरण किया गया है। वर्ष 1930 में निर्मित यह इमारत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाती है। नगर निगम द्वारा इसकी दीवारों की मरम्मत के साथ नई डिजिटल घड़ी, डिजिटल बेल और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है।

सुंदरीकरण के बाद घंटाघर न केवल शहर की पहचान को और मजबूत करेगा, बल्कि एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में भी उभरेगा। इसका निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और अब इसका लोकार्पण किया जाएगा।

नगर निगम की कई परियोजनाएं करीब पूरी हाे चुकी हैं। इसके अलावा कई परियोजनाओं को शासन से स्वीकृति मिली हैं। प्रथम चरण में मुख्यमंत्री के हाथों तीन परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास की योजना है। इनमें बंधु सिंह पार्क में निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग और कमर्शियल कांप्लेक्स और घंटाघर का लोकार्पण तथा पांडेयहाता कमर्शियल कांप्लेक्स शामिल है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *