बदलेगा मौसम,बारिश के आसार

Punjab/ Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा) 28मार्च,2026

मार्च माह के दूसरे पखवाड़े के लगातार परिवर्तशील मौसम में शनिवार को एक मध्यम श्रेणी का पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। शनिवार की रात इस विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद 29 मार्च से एक अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

14 मार्च के बाद से तापमान में लगातार बदलाव आ रहा है। पिछले दो सप्ताह से तापमान लगातार सामान्य से कम रिकॉर्ड किया जा रहा है। पिछले दो सप्ताह में प्रदेश के 15 जिलों में बारिश भी दर्ज की गई है। हिसार में सामान्य से 70 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। इस समय हो रही बारिश गेहूं के लिए नुकसानदायक है। बारिश, तेज हवा के चलते गेहूं की फसल गिरने से उत्पादन पर भी असर पड़ेगा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि मार्च महीने के दूसरे पखवाड़े में अब तक चार पश्चिम विक्षोभ आ चुके हैं। पांचवां विक्षोभ शनिवार रात को सक्रिय होगा। जिसके चलते 29 मार्च से एक अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम बदलेगा। इन तीन दिनों दिन का तापमान गिरेगा।किसानों को सलाह दी जाती है कि इन तीन दिनों में फसलों की कटाई न करें। सिंचाई पूरी तरह से रोक दें।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *