(सोनीपत,हरियाणा)19अप्रैल,2026.
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम चुनाव को लेकर फैसला लेते हुए अंबाला और सोनीपत के मेयर पद के लिए अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पार्टी ने इस बार सामाजिक संतुलन और स्थानीय प्रभाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन किया है।
अंबाला में महिला उम्मीदवार,सोनीपत में अनुभवी चेहरा:
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अंबाला नगर निगम, जो बीसी (बी) महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, वहां से कुलविंद्र कौर को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, सोनीपत नगर निगम (सामान्य श्रेणी) से जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष कमल दीवान को टिकट दिया गया है। उन्होंने बताया कि कमल दीवान एक मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता स्वर्गीय देवराज दीवान क्षेत्र में लोकप्रिय नेता रहे हैं।
पार्टी को जीत का भरोसा, कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि दोनों उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ रखते हैं और जनता से जुड़े हुए हैं। पार्टी पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि पंचकूला नगर निगम के मेयर पद के उम्मीदवार की घोषणा भी जल्द की जाएगी। कांग्रेस ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे पूरे जोश और समर्पण के साथ चुनाव अभियान में जुटें, ताकि पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित हो सके।
10 मई को होगा चुनाव:
बता दें कि हरियाणा के अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगमों के मेयर (महापौर) तथा वार्ड सदस्यों के चुनाव 10 मई 2026 (रविवार) को होंगे। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने 13 अप्रैल 2026 को इन तीनों नगर निगमों सहित अन्य निकायों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
नामांकन दाखिल करने की तारीख 21 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक रहेगी, नामांकन की जांच 27 अप्रैल को होगी और नाम वापसी की अंतिम तारीख 28 अप्रैल 2026 होगी, जिस दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा और यदि कहीं दोबारा मतदान की जरूरत पड़ी तो वह 12 मई 2026 को कराया जाएगा। मतगणना और परिणाम 13 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।(साभार एजेंसी)
