भारतीय तटरक्षक बल में शामिल,स्वदेशी गश्ती पोत ‘अचल’

National

(नई दिल्ली)10मई,2026

भारतीय समुद्री सीमा की सुरक्षा को और पुख्ता करते हुए
फास्ट पैट्रोल वेसल (त्वरित गश्ती पोत) ‘अचल’ को आधिकारिक रूप से भारतीय तटरक्षक बल में शामिल कर लिया गया।

गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित यह जहाज ‘अदम्य’ श्रेणी के आठ जहाजों की श्रृंखला का पांचवां जहाज है। रक्षा मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव ए. अनबरसु ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इसे सेवा में समर्पित किया। ‘अचल’ का निर्माण पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक पर आधारित है, जिसमें 60 प्रतिशत से अधिक उपकरण भारतीय हैं।

यह ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान की सफलता को दर्शाता है। 51 मीटर लंबा यह जहाज आधुनिक डिजाइन और दक्षता का बेजोड़ संगम है। इसे गुजरात के वाडि़नार में तैनात किया जाएगा, जहां से यह उत्तर-पश्चिम समुद्री क्षेत्र की निगरानी करेगा।

कहां होगी तैनाती?
इसकी तैनाती से भारत के उत्तर-पश्चिमी समुद्री तटों पर सुरक्षा और चौकसी और अधिक सुदृढ़ होगी। कमांडेंट नवीन कुमार के नेतृत्व में पांच अधिकारियों और 34 कर्मियों का दल इस पर तैनात रहेगा। तकनीकी रूप से ‘अचल’ बेहद शक्तिशाली है।

यह जहाज तीन हजार किलोवाट के दो डीजल इंजनों द्वारा संचालित है, जो इसे 27 समुद्री मील की अधिकतम गति प्रदान करते हैं। इसकी परिचालन क्षमता 1,500 समुद्री मील है, जिससे यह लंबे समय तक समुद्र में टिक सकता है। सुरक्षा के लिए इसमें 30 एमएम सीआरएन-91 गन और दो 12.7 एमएम रिमोट-कंट्रोल गन लगी हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *