अमित शाह ने की गुजरात की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, कोस्टल सिक्योरिटी के दिए निर्देश

Gujrat

(अहमदाबाद,गुजरात)08 नवंबर 2026

केंद्रीय गृह तथा सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने शनिवार को अहमदाबाद में एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक में गुजरात राज्य की कानून-व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया। बैठक के दौरान गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा और तटीय निगरानी को और अधिक मजबूत बनाने, नशीले पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी लगाम कसने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

गृह मंत्री ने कहा कि गुजरात की लगभग 2,340 किलोमीटर लंबी तटरेखा अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए इसकी निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाना चाहिए। उन्होंने इस हेतु बीएसएफ, राज्य पुलिस, तटरक्षक बल और केंद्रीय एजेंसियों के मध्य बेहतर समन्वय और लगातार सूचना साझा करने पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में गुजरात का कार्य प्रशंसनीय है। राज्य में 60 दिनों में 92 प्रतिशत और 90 दिनों में 86 प्रतिशत आरोप-पत्र दाखिल किए जा रहे हैं, जो न्याय प्रणाली की गति को दर्शाता है।

श्री शाह ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई केवल छोटे तस्करों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे नेटवर्क और उसके मुख्य सरगनाओं को पकड़कर ध्वस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने ऐसे अपराधियों की अवैध संपत्ति को जब्त करने के लिए वित्तीय जांच को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस बैठक में सीमावर्ती सुरक्षा, तटीय सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन, मादक पदार्थ तस्करी, साइबर अपराध, आतंकवाद, अवैध प्रवासियों की समस्या और आपदा प्रबंधन जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। गृह मंत्री ने 25,000 से अधिक लंबित पड़े फॉरेंसिक मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान संचालित करने का निर्देश दिया।

साइबर अपराधों से निपटने के लिए उन्होंने I4C एवं 1930 हेल्पलाइन की कार्यक्षमता बढ़ाने, आतंकवाद निरोधी एजेंसियों को और सशक्त करने तथा अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर नियमानुसार उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया तेज करने को कहा। उन्होंने विशेष अभियान के तहत 2,412 अवैध विदेशी नागरिकों के निर्वासन की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने आपदा प्रबंधन, अग्निशमन सुरक्षा, अहमदाबाद शहरी बाढ़ प्रबंधन परियोजना तथा शत्रु संपत्तियों के सर्वेक्षण एवं निस्तारण कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।

गृह मंत्री ने केंद्र और राज्य की सभी एजेंसियों को बेहतर तालमेल के साथ काम करने तथा तय लक्ष्यों की नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, विकसित और नशामुक्त गुजरात के माध्यम से ही सुरक्षित भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय गृह सचिव, गृह मंत्रालय और अधीनस्थ कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य के गृह विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *