पीएम मोदी ने धारण की कच्छी कढ़ाई कोटी,325 करोड़ के केंद्र का किया शुभारंभ

Gujrat

(बनासकांठा,गुजरात)07 नवंबर, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर बनासकांठा पहुंचे। भिलड़ी में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान उन्होंने सभी का ध्यान खींचने वाला कार्य किया। मंच पर भाषण के बीच ही उन्होंने अपनी जैकेट उतार दी और स्थानीय महिलाओं द्वारा हाथों से तैयार की गई कच्छी कढ़ाई वाली पारंपरिक कोटी पहन ली। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं की कला और मेहनत की प्रशंसा की। जनसभा में उन्होंने कहा कि वे अपने जीवन की अंतिम सांस तक देश की सेवा में लगे रहेंगे।

महिलाओं के हुनर को दिया सम्मान
भिलड़ी की सभा के लिए स्थानीय महिलाओं ने खास तौर पर कच्छी वर्क वाली कोटी बनाई थी। प्रधानमंत्री ने मंच पर ही अपनी जैकेट उतारकर उस कोटी को पहन लिया। उनके इस कदम से महिलाओं के कौशल को सम्मान मिला और यह पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बन गया।

आपने कचरे को भी कमाई का जरिया बना दिया – महिलाओं ने जताया आभार
कार्यक्रम में बनासकांठा की महिलाओं ने भावुक शब्दों में कहा कि आप कहीं नहीं जाएंगे, आपने कचरे को भी कंचन बना दिया है। साहब, देश के लिए जब भी हमारी जरूरत हो, आधी रात को भी बुला लीजिएगा। महिलाओं की बातों में योजनाओं का लाभ मिलने की खुशी के साथ गहरा जुड़ाव भी दिखा।

उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं से उनका जीवन बदला है। एक महिला ने बायो गोवर्धन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले वे गोबर को बेकार समझती थीं, लेकिन अब उसी से हर साल लगभग पांच लाख रुपये की आय हो रही है। एक अन्य महिला ने कहा कि उन्हें पीएम मोदी में भगवान के दर्शन होते हैं। महिलाओं की बात सुनने के बाद प्रधानमंत्री ने सभी से बेटियों को खूब पढ़ाने का आह्वान किया और कहा कि बेटियों की शिक्षा में कोई कटौती नहीं होनी चाहिए, तभी समाज आगे बढ़ेगा।

325 करोड़ के भारत बोवाइन ब्रीडिंग सेंटर की सौगात
अपने दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री ने भिलड़ी में 325 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीबीबीआरसी) का उद्घाटन किया। यह केंद्र पशुओं की नस्ल सुधारने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। स्थानीय किसानों और पशुपालकों ने कहा कि नस्ल सुधार से कम पशु रखकर भी अधिक दूध प्राप्त किया जा सकेगा, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी।

दीपावली जैसा माहौल, ग्रामीणों में उत्साह
सभा के बाद ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की। एक ग्रामीण ने कहा कि उन्हें आशा थी कि पीएम किसानों और पशुपालकों के लिए कुछ विशेष लाएंगे और यह नया सेंटर उनकी उम्मीदों पर खरा उतरा है। एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि जब एक महिला मंच पर बोलने के लिए खड़ी हुई तो प्रधानमंत्री ने उसे प्रोत्साहित किया, जिसके लिए उन्होंने पीएम और बनास डेयरी के चेयरमैन शंकरभाई चौधरी का आभार माना। एक ग्रामीण ने कहा कि बनासकांठा वासियों ने प्रधानमंत्री का स्वागत दीपावली के त्योहार जैसा किया। पशुपालक गीताबेन ने बताया कि अब दूध का अच्छा दाम और फैट के आधार पर मूल्य मिलने से उनकी कमाई बढ़ी है।

पानी और सिंचाई को लेकर बदली तस्वीर
ग्रामीणों ने बताया कि सुईगाम से लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों तक जल की स्थिति में सुधार हुआ है। जिन इलाकों में पहले पीने का पानी भी मुश्किल से मिलता था, वहां अब नहरों के माध्यम से पानी पहुंच रहा है। लोगों ने आशा जताई कि दीपावली के आसपास जीरे की खेती के लिए सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध हो जाएगा। किसानों ने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, नस्ल सुधार और जल आपूर्ति के लिए लगातार काम कर रही है, जिसका लाभ पूरे जिले को मिल रहा है। भिलड़ी रतनपुरा के निवासी ने बताया कि गांव में पक्की सड़कें बनी हैं और तालाब तक पानी पहुंच गया है। पहले पानी की कमी से खेत सूखे रहते थे, अब वहां हरियाली दिखाई दे रही है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *