(भोपाल,म.प्र.)07 नवंबर, 2026
मध्यप्रदेश के 2790 होमगार्ड जवानों के लिए दीपावली से पहले बड़ी सौगात आई है। 2018 की विशेष भर्ती के बाद दूसरे जिलों में भेजे गए जवान अब अपने गृह जिले में वापसी कर सकेंगे। प्रदेश सरकार ने जवानों के हित को देखते हुए मध्यप्रदेश होमगार्ड नियम, 2016 में एक बार के लिए विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। इस छूट के अंतर्गत पात्र जवान ऑनलाइन आवेदन करके अपने प्रारंभिक चयन वाले जिले में पदस्थापना की मांग कर सकेंगे। हालांकि गृह जिले में वापसी जिला इकाइयों में रिक्त पदों की उपलब्धता और निर्धारित नियमों के अनुसार ही होगी।
भर्ती के समय नहीं थी जगह
वर्ष 2018 में स्पेशल भर्ती के जरिए चयनित इन जवानों को उस समय संबंधित जिलों में पद खाली नहीं होने के कारण अन्य जिलों में तैनात किया गया था। तब से लेकर अब तक वे अपने गृह जिले से दूर रहकर ड्यूटी निभा रहे थे। अब राज्य शासन ने मध्यप्रदेश होमगार्ड नियम, 2016 में एक बार के लिए विशेष शिथिलता प्रदान की है। इस फैसले के बाद योग्य जवान तय समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और अपने मूल जिले में पदस्थापना के लिए अनुरोध कर पाएंगे।
रिक्त पद देखकर होगा फैसला
शासन के निर्णय के अनुसार जिला इकाइयों में उपलब्ध खाली पदों को ध्यान में रखते हुए जवानों की नई पदस्थापना की जाएगी। यानी आवेदन करने वाले सभी जवानों को गृह जिले में तैनाती मिलना रिक्तियों और नियमानुसार पात्रता पर निर्भर करेगा।
होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा की महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने बताया कि पहली बार चयनित जिले में पद रिक्त न होने के कारण जवानों को दूसरे जिलों में पदस्थ करना पड़ा था। राज्य शासन द्वारा विशेष छूट दिए जाने के बाद अब उन्हें अपने गृह जिले में लौटने का मौका मिलेगा।
परिवार के करीब रहकर निभा सकेंगे दायित्व
महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के मुताबिक, लंबे समय से गृह जिले से दूर सेवाएं दे रहे जवानों को इस फैसले से काफी राहत मिलेगी। वे अपने परिजनों के नजदीक रहकर पारिवारिक दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगे, जिससे उनका मनोबल और सेवाभाव भी बढ़ेगा।
सरकार के फैसले का किया स्वागत
सरकार के इस फैसले पर होमगार्ड संगठन और जवानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित प्रदेश सरकार का आभार जताया है। जवानों का कहना है कि दीपावली से पहले मिला यह निर्णय उनके और उनके परिवारों के लिए बड़ी खुशी लेकर आया है। लंबे समय से गृह जिले में वापसी की राह देख रहे जवानों को अब इसके लिए आवेदन करने का अवसर मिल गया है।(साभार एजेंसी)
