(लखनऊ,UP)07नवंबर,2026.
राजधानी के ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट का महत्वपूर्ण हिस्सा डालीगंज फ्लाईओवर बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है। इसे दीपावली के बाद जनता के लिए खोलने की तैयारी चल रही है। उम्मीद है कि 23 नवंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका लोकार्पण करेंगे। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से डालीगंज से पक्का पुल तक की दूरी केवल दो मिनट में तय हो सकेगी, जिससे पुराने लखनऊ के लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने जा रही है।
फ्लाईओवर चालू होने पर बसंतकुंज से गोमतीनगर के समतामूलक चौराहे तक का लगभग 12 किलोमीटर लंबा सफर 20 मिनट से भी कम समय में पूरा हो सकेगा। ग्रीन कॉरिडोर को डालीगंज से पक्का पुल तक जोड़ने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास और डालीगंज चौराहे के ऊपर 1.1 किलोमीटर लंबा दो लेन का फ्लाईओवर बनाया गया है, जिसकी सड़क से ऊंचाई करीब 25 मीटर है।
फ्लाईओवर का मुख्य ढांचा बनने के साथ-साथ डामरीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है। इसके आरंभ होने से पक्का पुल से समतामूलक चौराहे तक ग्रीन कॉरिडोर पर वाहनों का आवागमन बिना किसी बाधा के हो सकेगा।
10 लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
गोमती नदी के किनारे लगभग 28 किलोमीटर तक विकसित किए जा रहे ग्रीन कॉरिडोर का यह हिस्सा पुराने लखनऊ के लिए काफी अहम है। इससे करीब 10 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। फिलहाल समतामूलक चौराहे से डालीगंज तक और बसंतकुंज से पक्का पुल तक ग्रीन कॉरिडोर पर यातायात चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण पक्का पुल से डालीगंज के बीच का हिस्सा बंद रखा गया था।
इस फ्लाईओवर के खुलने से आईआईएम रोड से गोमतीनगर तक बिना जाम के सफर करना आसान हो जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि फ्लाईओवर के शुरू होने से बड़ी आबादी को राहत मिलेगी और लोग बसंतकुंज से समतामूलक चौराहे तक पूरे ग्रीन कॉरिडोर पर सुगमता से आ-जा सकेंगे।(साभार एजेंसी)
