(लखनऊ,UP)07 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या पहुंचे उपराष्ट्रपति, विदेशी राजनयिकों, साधु-संतों और देश-विदेश से आए रामभक्तों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पवित्र सरयू तट पर बसी धर्मनगरी अयोध्या दिव्य और भव्य दीपोत्सव के लिए पूरी तरह सज-धज कर तैयार है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “राम रामेति रामेति रमे रामे मनोरमे। सहस्रनाम तत्तुल्यं रामनाम वरानने। आज पावन, पुण्यसलिला माँ सरयू की गोद में बसी धर्मनगरी श्री अयोध्या धाम अलौकिक उल्लास, गौरव और भक्ति के महाकुंभ ‘दिव्य दीपोत्सव’ के लिए पूर्ण रूप से सज्जित है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनियों की आस्था का प्रतिफल आज लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा के रूप में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अंधकार पर प्रकाश, सत्य और धर्म की शाश्वत विजय का उद्घोष करने जा रहा है और इस समय अवधपुरी का कण-कण उल्लास और भक्ति से आह्लादित और स्पंदित है।
योगी आदित्यनाथ ने इस दिव्य-भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाने के लिए पधार रहे माननीय उपराष्ट्रपति, विभिन्न मित्र देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों, विशिष्ट अतिथियों, पूज्य साधु-संतों तथा रामभक्तों का प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या धाम में स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समता, समरसता, सांस्कृतिक एकात्मता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के संदेश को देने वाले इस पावन पर्व में सभी अतिथियों का सान्निध्य इस दीपोत्सव को और भी अधिक ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएगा। उन्होंने सभी लोगों से धर्म, मर्यादा और आलोक के इस महापर्व के साक्षी बनने की अपील की और अपने संदेश का समापन ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ किया।(साभार सोशल मीडिया/एजेंसी)
