(भोपाल,म.प्र.)09 नवंबर 2026
भोपाल में सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर शहर भर में तैयारियां तेज हो गई हैं। राजधानी के बड़े तालाबों के घाटों से लेकर रिहायशी कॉलोनियों तक छठ घाटों को सजाया-संवारा जा रहा है। चार दिन तक चलने वाले इस लोकपर्व में सूर्य की आराधना, पारंपरिक पूजा-पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। सबसे बड़ा आकर्षण कमला पार्क स्थित शीतलदास की बगिया घाट पर रहेगा, जहां इस बार 2100 मिट्टी के दीयों का दीपदान और 51 किलोग्राम गुलाब के फूलों की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा की योजना है।
भोजपुरी एकता मंच की ओर से शीतलदास की बगिया में भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन स्थल को पीले कपड़ों से, केले के पेड़ लगाकर, झंडियों और आम के पत्तों से बने बंदनवार से सजाया जाएगा। इस दौरान बिहार के भोजपुरी गायक मिथु मिश्रा और वाराणसी से आए सक्षम शर्मा भजन और लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। श्रद्धालुओं के लिए बोटिंग और आतिशबाजी का भी इंतजाम रहेगा। व्रत करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अर्घ्य हेतु कच्चे गाय के दूध की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जा रही है।
प्रमुख घाटों के साथ कॉलोनियों में भी इंतजाम
शीतलदास की बगिया के अतिरिक्त प्रेमपुरा घाट और नीलबड़ में भी बड़े स्तर पर छठ पूजा होगी। इसके अलावा शहर की कई हाउसिंग कॉलोनियों में स्थानीय समितियां अस्थायी तालाब और कुंड बना रही हैं। कोकता बायपास स्थित कॉलोनी में भी ऐसा ही कुंड तैयार किया जा रहा है, ताकि प्रमुख घाटों तक न जा पाने वाले श्रद्धालुओं को अपने घर के पास ही पूजा की सुविधा मिल सके। घाटों पर सफाई, रोशनी, पीने के पानी और अन्य व्यवस्थाओं का जिम्मा नगर निगम देखेगा, वहीं भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
13 नवंबर से शुरू होगा आस्था का पर्व
मध्यप्रदेश टूरिज्म ने भी शीतलदास की बगिया के छठ उत्सव को अपने आधिकारिक कैलेंडर में जोड़ा है। यहां 15 और 16 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम होंगे। छठ महापर्व का आरंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगा, 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। 15 नवंबर को डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा और 16 नवंबर को उगते सूर्य को ऊषा अर्घ्य के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन होगा। (साभार एजेंसी)
