(नई दिल्ली)13मई,2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले का आकार घटा दिया है और इसमें इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या को बढ़ाया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने नए वाहन न खरीदने को भी कहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले का आकार काफी कम कर दिया है। यह कदम उनकी हालिया घरेलू यात्रा के दौरान लागू किया गया। वाहनों की संख्या में कमी की गई है। लेकिन एसपीजी प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखा गया है। हैदराबाद में दिए गए उनके भाषण के तुरंत बाद गुजरात और असम में भी काफिले का आकार घटा दिया गया था। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा है कि जहां संभव हो, उनके काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाए, लेकिन इसके लिए नए वाहन नहीं खरीदे जाएं।
खर्चों में कटौती का यह अभियान अब भाजपा शासित राज्यों में दिखाई दे रहा है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अन्य नेताओं ने भी अपने काफिलों में वाहनों की संख्या घटना का निर्णय लिया है।
यूपी: योगी ने भी दिए निर्देश
बढ़ती ईंधन खपत और वैश्विक हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने मंगलवार को अपने और मंत्रियों के काफिलों में तुरंत 50 फीसदी कमी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि फ्लीट में अनावश्यक वाहनों को कम किया जाए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से जुड़ते हुए प्रदेशवासियों से ईंधन की खपत कम करने, अनावश्यक सोने की खरीद से बचने और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की अपील की। सीएम ने कहा कि सरकारी स्तर पर सादगी और बचत का संदेश समाज तक पहुंचना चाहिए।
मध्य प्रदेश: मोहन यादव ने भी घटाया काफिले का आकार
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले का आकार भी 13 से घटकर 8 वाहनों का हो गया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि आने वाले आदेश तक उनके सभी सरकारी और आधिकारिक दौरों में सीमित वाहनों का ही उपयोग किया जाएगा। कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से न्यूनतम वाहन होंगे और भ्रमण के दौरान कोई वाहन रैली नहीं होगी।
प्रधानमंत्री ने की थी संसाधनों के बचत की अपील:
यह कदम प्रधानमंत्री की उस व्यापक अपील का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने अनावश्यक यात्रा कम करने और राष्ट्रीय संसाधनों की बचत पर जोर दिया था। ईरान युद्ध से पैदा हुए ऊर्जा संकट और वैश्विक कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को देश से मिलकर वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं, आपूर्ति श्रृंखला में बाधा और महंगाई के दबाव का सामना करने की अपील की थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से राष्ट्र के लिए जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने और स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की थी। उन्होंने कहा, अगर हम हर चीज के लिए आयात पर निर्भर रहेंगे तो देश कैसे आगे बढ़ेगा(साभार एजेंसी)
